लॉकडाउन के बीच फिर घर-घर गूंजेगी रामकथा, दूरदर्शन पर होगा रामायण का प्रसारण

India Coronavirus lockdown: 90 के दशक के मशहूर सीरियल रामायण का दूरदर्शन पर फिर से प्रसारण होगा।

Ramanand Sagar Ramayan
रामायण  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • कोरोना लॉकडाउन के बीच फिर गूंजेगी रामायण की धुन
  • दूरदर्शन पर शनिवार से होगा रामायण का प्रसारण
  • रामायण टीवी सीरियल 80 के दशक में बेहद मशहूर था

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के चलते देश में लॉकडाउन के बीच एक बार फिर घर-घर में रामकथा में गूंजेगी। जनता की मांग पर 80 के दशक के रामानंद सागर के मशहूर सीरियल रामायण को दूरदर्शन पर फिर से दिखाया जाएगा। शनिवार को रामायण का पहला एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने खुख यह जानकारी दी। जावड़ेकर ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा, 'जनता की मांग पर कल 28 मार्च से 'रामायण' का प्रसारण पुनः दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा। पहला एपिसोड सुबह 9.00 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9.00 बजे प्रसारित होगा।' 

प्रसारण के समय सुनसान हो जाती थीं सड़कें

बता दें कि  21 दिनों के लॉकडाउन की ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर लोग 'रामायण' को फिर से प्रसारित करने की मांग लोग कर रहे थे। इस संबंध में लोग बड़ी तादाद में प्रसार भारती एवं सूचना प्रसारण मंत्री को टैग कर रहे थे। इसके बाद प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने कहा था कि जिन लोगों के पास 'रामायण' के राइट्स हैं उनक साथ बातचीत के बाद जल्द ही इस बारे में सूचना दी जाएगी। अपने दौर में 'रामायण' बेहद मशहूर था। इसके प्रसारण के समय सड़कें सुनसान हो जाती थीं। ऐसे में सरकार के रामायण को दोबारा प्रसारित करने के फैसले को कोरोना से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।

एक्टर्स किरदार के नाम से हो गए मशहूर

रामायण सीरीयल लोगों को दिलों में अपनी एक खास जगह बनाने में कामयाब रहा। 1986- 1988 के बीच प्रसारित हुए इस सीरियल के एक्टर्स का भी जलवा कम नहीं था। ये सीरियल इतना पॉपुलर था कि रामानंद सागर की रामायण का एक-एक किरदार लोगों को आज भी याद है। सीरियल के एक्टर्स  इतने मशहूर हो गए कि लोग उन्हें असली नाम की बजाए किरदार के नामों से ही जानने लगे। रामायण में भगवान राम का किरदार निभाया था अरुण गोविल ने। उस दौर में अरुण गोविल को लोग भगवान राम ही समझ बैठते थे। वो जहां जाते लोग उनके पैर छूने के लिए लाइन लगाने लगते थे।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर