Jammu-kashmir: पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, दो जवान हुए शहीद

Jammu-kashmir: जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से की गई गोलीबारी में घायल दो जवानों की शनिवार को मौत हो गई।

army
प्रतीकात्मक तस्वीर 

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के उरी में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास पाकिस्तान द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में तीन भारतीय सैनिक घायल हो गए थे, जिसमें से दो की मौत हो गई है। सेना द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया, 'शुक्रवार को रामपुर सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा युद्धविराम का उल्लंघन किया गया। दुर्भाग्य से दो सैनिकों को इसमें चोट आई जो अब शहीद हो गए हैं। सेना उनके सर्वोच्च बलिदान को सलाम करती है।'

पाकिस्तान ने शुक्रवार को उत्तर कश्मीर के बारामूला के रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिसमें तीन जवान और तीन आम नागरिक घायल हो गए थे। घायलों में चार साल का बच्चा भी था।

पुंछ के मनकोट सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी में एक नागरिक के मारे जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ। गुरुवार को पाकिस्तान की फायरिंग में 16 साल के गुलफराज की मौत हो गई थी, जबकि 35 साल का एक अन्य नागरिक घायल हो गया था।

एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन में तेजी आई है। पाकिस्तान एलओसी पर कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र में रक्षा चौकियों और नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाता रहा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर