मुश्किल में हरियाणा सरकार? JJP विधायक ने कहा- अब तो टूट जाए गठबंधन, जनता नाखुश है गांव में घुसने नहीं देती

देश
लव रघुवंशी
Updated Mar 09, 2021 | 22:25 IST

Haryana: हरियाणा में सरकार में शामिल JJP के विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने कहा है कि समय आ गया है कि गठबंधन तोड़ दिया जाए। हमारा सरकार में बैठने का कोई अधिकार नहीं है।

Devendra Singh Babli
जेजेपी विधायक देवेंद्र सिंह बबली  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • हरियाणा सरकार मुुश्किल में घिरती दिख रही है
  • खट्टर सरकार के खिलाफ कांग्रेस लेकर आएगी अविश्वास प्रस्ताव
  • भाजपा, जजपा और कांग्रेस ने जारी किया व्हिप

नई दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन से अब हरियाणा सरकार मुश्किल में नजर आ रही है। कांग्रेस विधानसभा में भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव लाएगी और इसके मद्देनजर पक्ष एवं विपक्ष दोनों ने अपने-अपने सदस्यों को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। 

इसी बीच जननायक जनता पार्टी विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने कहा है कि उनकी पार्टी को अब गठबंधन तोड़ देना चाहिए। जनता का हमसे विश्वास उठ गया है, गांव में हमको घुसने नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा, 'अगर अकेले मेरे वोट के साथ सरकार गिर जाती है, तो मैं इसे आज ही करूंगा। क्या संदेश जाएगा? पूरी पार्टी को एक स्टैंड लेना चाहिए। ऐसी स्थिति आ गई है कि लोग हमें गांव में घुसने नहीं करने दे रहे हैं...हमें लोगों के बीच खुद को बचाने के लिए कवच रखने की आवश्यकता है। या तो सरकार को अगले 15 दिनों में किसान के मुद्दे को हल करना चाहिए अन्यथा हमें अपना समर्थन वापस लेना चाहिए।' 

कांग्रेस नेता ने शेयर किया वीडियो

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनके एक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, '“जनता हमसे नाखुश है,हमारा सरकार में बैठने का कोई अधिकार नहीं है,हम सभा नहीं कर सकते, जनता के बीच जाने के लिए हमें लोहे के हेलमेट बनवाने होंगे”-MLA बबली। ये जनप्रतिनिधि की पीड़ा नहीं, किसान आंदोलन की नैतिक जीत बोल रही है। कल सरकार गिरेगी जरूर या तो सदन में या तो जनता की नजरों में।' 

'कई चेहरों से हटेगा मास्क'

हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं और वर्तमान में 88 सदस्य हैं। उनमें से भाजपा के 40, जजपा के 10 और कांग्रेस के 30 सदस्य हैं। सात निर्दलियों में से पांच सरकार को समर्थन दे रहे हैं। इसके अलावा एक सदस्य हरियाणा लोकहित पार्टी का है और वह भी सरकार के समर्थन में है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता बीएस हुड्डा ने कहा, 'हरियाणा सरकार ने लोगों का विश्वास खो दिया है, उनका समर्थन करने वाले विधायक और निर्दलीय उम्मीदवार भी पीछे हट गए हैं। अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा और मतदान किया जाएगा। कई चेहरों से मास्क हटेगा। लोगों की आवाज उठाना विपक्ष का काम है।' 

बीजेपी ने जारी किया व्हिप

वहीं हरियाणा सरकार के मंत्री एवं भाजपा के मुख्य सचेतक कंवर पाल ने कहा, 'हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भारतीय जनता विधायक दल के सभी सदस्यों से 10 मार्च को सदन में लगातार उपस्थित रहने का अनुरोध किया जाता है।' व्हिप जारी करते हुए उन्होंने कहा, 'नेतृत्व की अनुमति के बिना वह सदन से बाहर न जाएं। चर्चा के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा होगी। सदस्यों से अनुरोध है कि वे मतविभाजन और मतदान के समय उपस्थित रहें।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर