'केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तिरंगे का अपमान', केंद्रीय मंत्री ने LG को लिखी चिट्ठी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज को लेकर जो एक संहिता है, उसका यह अपमान है। इसे ठीक कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखा है।

Kejriwal insulted Tricolour, claims Union minister Prahlad Patel writes to LG
केंद्रीय मंत्री पटेल ने LG को चिट्ठी लिखकर शिकायत की।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का कहना है कि सीएम केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तिरंगे का हुआ अपमान
  • पटेल का कहना है कि वीडियो में ऐसा लगता है कि तिरंगे की हरी पट्टी को सफेद पट्टी के ऊपर पर चढ़ाया गया है
  • केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली के उप राज्यपाल को पत्र लिखकर शिकायत की है, इसे ठीक कराने की मांग

नई दिल्ली : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया है। पटेल ने शुक्रवार को दावा किया कि कोरोना मसले पर सीएम केजरीवाल जब मीडिया को संबोधित करते हैं तो उनके पीछे लगा राष्ट्रीय ध्वज मानकों के हिसाब से नहीं लगा होता है। तिरंगे में हरे रंग की पट्टी ऐसी दिखती है मानो कि उसे बढ़ाकर सफेद पट्टी पर चढ़ाया गया है। केंद्रीय मंत्री का आरोप है कि तिरंगे के साथ इस तरह की 'छेड़छाड़' वाली तस्वीर सीएम केजरीवाल के हाल के प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़े वीडियो में दिखाई दी है।   

'राष्ट्रीय ध्वज पर संहिता का अपमान' 
केंद्रीय मंत्री का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज को लेकर जो एक संहिता है, उसका यह अपमान है। इसे ठीक कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखा है। पटेल ने अपने पत्र में लिखा है, 'दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जब भी टीवी पर कोरोना के बारे में जानकारी देते हैं, तो मेरा ध्यान उनके पीछे लगे राष्ट्रीय ध्वज पर चला जाता है। यह संविधान का उल्लंघन है। यहां राष्ट्रीय ध्वज को सजावट के उद्देश्य से लगाया गया है।'

केजरीवाल सरकार ने नहीं दी प्रतिक्रिया
उन्होंने लिखा है, 'ऐसा लगता है कि सफेद रंग की पट्टी को काटकर उस पर हरे रंग की पट्टी को चढ़ाया गया है। राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने को लेकर जो गृह मंत्रालय का जो नियम है, यह उसके हिसाब से नहीं है। मैं इस बात को सम्मानित मुख्यमंत्री के ध्यान में लाना चाहता हूं।' केंद्रीय मंत्री के इस पत्र पर केजरीवाल सरकार की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर