पंजाब कांग्रेस के नए 'कैप्टन' बने नवजोत सिंह सिद्धू, सोनिया गांधी ने लगाई नाम पर मुहर

देश
किशोर जोशी
Updated Jul 18, 2021 | 22:29 IST

Navjot Singh Sidhu: पंजाब कांग्रेस में पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद फिलहाल थम गया है। कांग्रेस मुखिया सोनिया गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी है।

Navjot Singh Sidhu appointed Punjab Congress chief
पंजाब कांग्रेस के नए 'कैप्टन' बने नवजोत सिंह सिद्धू 
मुख्य बातें
  • नवजोत सिंह सिद्धू बने पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष
  • कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया ऐलान, चार नए कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में पिछले लंबे समय से चल रहे घमासान का फिलहाल अंत हो गया है और कैप्टन बनाम सिद्धू की इस सियासी लड़ाई में सिद्धू आलाकमान को अपनी बात मनवाने में कामयाब रहे हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा राज्य में चार कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए गए हैं। सिद्धू को लेकर पिछले काफी दिनों से कयासबाजी चल रही थी।

सोनिया गांधी ने किया ऐलान

कांग्रेस की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पत्र में लिखा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने चार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए हैं जिनमें संसंगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल, कुलजीत सिंह नागरा शामिल हैं। इसके अलावा पत्र में निवर्तमान अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा पार्टी के लिए दिए गए योगदान की भी प्रशंसा की गई है। 

अश्विनी कुमार ने कही ये बात

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने रविवार को पंजाब के पार्टी नेताओं से नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त करने के पार्टी आलाकमान के फैसले को स्वीकार करने का अनुरोध किया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।

लंबी चली थी खींचतान

इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू को नया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करने को लेकर काफी घमासान मचा था।  कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बात को लेकर लगातार नाराज चल रहे थे और उन्होंने शुक्रवार को सोनिया गांधी को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि अगर सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस का प्रभार दिया गया तो पार्टी बंट जाएगी। नाराज मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को यहां कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश रावत से मुलाकात की और उन्हें स्पष्ट तौर पर बताया कि वह सिद्धू से तब तक नहीं मिलेंगे जब तक कि वह अपने अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांग लेते। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय को स्वीकार करेंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर