Covid Vaccination: भारत के खाते में एक और कामयाबी, मात्र 21 दिन में 50 लाख से अधिक टीकाकरण

देश
ललित राय
Updated Feb 05, 2021 | 22:45 IST

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत की झोली में एक और कामयाबी आई है। मात्र 21 दिनों में 50 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया है।

Covid Vaccination: भारत के खाते में एक और कामयाबी, मात्र 21 दिन में 50 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण
महज 21 दिन में 50 लाख से अधिक लोगों का हुआ कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन 
मुख्य बातें
  • भारत ने महज 21 दिन में कोरोना वैक्सीनेशन के 50 लाख के आंकड़े को किया पार
  • 50 लाख का आंकड़ा पार करने में यूएस को 24 दिन, ब्रिटेन को 43 दिन और इजरायल को 45 दिन लगे थे
  • भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का पहला चरण 16 जनवरी से शुरू हुआ था।

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई जारी है और उस लड़ाई को ना सिर्फ सरकारी प्रयास बल्कि देश की वैज्ञानिक शक्ति भी आगे बढ़ा रही है। इस समय देश में भारत बायोटेक के कोवैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट के कोविशील्ड वैक्सीन का इस्तेमाल हो रहा है। खास बात यह थी कि जब इन वैक्सीन के बारे में ऐलान किया गया तो भारत के कुछ राजनीतिक दलों की तरफ से सवाल किए गए। लेकिन उन सवालों के बीच भारत के खाते में बड़ी कामयाबी आई है।

21 दिन में 50 लाख का आंकड़ा पार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव, मनोहर अगनानी  कहना है कि भारत ने 21 दिन में 50 लाख के टीकाकरण मार्क को पार कर लिया है। 50 लाख का आंकड़ा पार करने में अमेरिका को 24 दिन, ब्रिटेन को 43 दिन और इजरायल को 45 दिन लगे  थे। इस लिहाज से भारत दुनिया में 5 मिलियन टीकाकरण तक तेजी से पहुंचा है। शुक्रवार यानी 5 फरवरी को 3, 31029 लोगों का टीकाकरण किया गया था। 

5 फरवरी, 2021 तक, शाम 6 बजे तक, कुल 52,90,474 लाभार्थियों को टीका लगाया गया है। कोविड -19 के लिए और जिसके लिए कुल 1,04,781 सत्र आयोजित किए गए हैं। हेल्थ केयर वर्कर्स (एचसीडब्ल्यू) और फ्रंटलाइन वर्कर्स के प्राथमिकता वाले समूहों के साथ शुरू होने वाले चरणबद्ध तरीके से 16 जनवरी, 2021 से कोविड -19 टीकाकरण को चलाया जा रहा है। 



विरोध करने वालों को संदेश
जानकार कहते हैं कि 21 दिन में 50 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण अपने आप में बहुत कुछ संदेश उन लोगों को देता है जो एक तरह से ना केवल टीके पर शक कर रहे थे, बल्कि सरकार पर भी सवाल खड़े कर रहे थे। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि 97 फीसद से ज्यादा लोग टीकाकरण से खुश हैं और बड़ी बात यह है कि ना तो टीके की वजह से किसी की मौत हुई है और ना ही किसी में गंभीर साइड इफेक्ट देखे गए हैं। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि अगले यानी दूसरे चरण में 50 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीके लगाए जाएंगे जिसमें लोकसेवक शामिल हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर