Amarinder Singh : पटियाला से मैदान में उतरेंगे अमरिंदर सिंह, सिद्धू को दी है चुनाव लड़ने की चुनौती

देश
भाषा
Updated Nov 22, 2021 | 07:43 IST

Caption Amrinder Singh News : कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2014 में अमृतसर लोकसभा सीट से जीत हासिल करने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी पत्नी परनीत कौर ने तब पटियाला से चुनाव लड़ा और तीन साल तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया।

Punjab Assembly Polls 2022 : Amarinder Singh To Fight From Patiala
पटियाला से चुनाव लड़ेंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह। 
मुख्य बातें
  • कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह पटियाला सीट से चुनाव लड़ेंगे
  • इस सीट से उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को चुनाव लड़ने की चुनौती दी है
  • कांग्रेस से अलग होकर अपनी नई पार्टी बनाने वाले हैं पूर्व सीएम अमरिंदर

चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने घोषणा की कि वह 2022 के विधानसभा चुनाव में पटियाला सीट से मैदान में उतरेंगे। सिंह ने अपने फेसबुक पेज 'पंजाब दा कैप्टन' पर लिखा, ''मैं पटियाला से ही चुनाव लड़ूंगा। पटियाला पिछले 400 साल से हमारे साथ रहा है। मैं इसे (नवजोत) सिद्धू का नहीं होने दूंगा।'' पटियाला विधानसभा सीट पूर्व मुख्यमंत्री का पारिवारिक गढ़ रही है। उन्होंने चार बार 2002, 2007, 2012 और 2017 में इस सीट पर जीत हासिल की थी।

सिद्धू को पटियाला से चुनाव लड़ने की दी है चुनौती

सिंह ने 2014 में अमृतसर लोकसभा सीट से जीत हासिल करने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी पत्नी परनीत कौर ने तब पटियाला से चुनाव लड़ा और तीन साल तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। सिंह ने अप्रैल में पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिद्धू को पटियाला से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा था कि सिद्धू की जमानत जब्त हो जाएगी। सिंह ने सिद्धू के साथ सत्ता संघर्ष के बीच सितंबर में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री चुना गया था।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर