बजट पर राहुल गांधी की राय- मोदी सरकार की योजना भारत की संपत्तियों को पूंजीपति मित्रों को सौंपने की

देश
Updated Feb 01, 2021 | 16:50 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद आरोप लगाया कि सरकार की योजना भारत की संपत्तियों को अपने पूंजीपति मित्रों को सौंपने की है।

rahul gandhi
राहुल गांधी 

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बजट 2021-22 पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार की योजना भारत की संपत्तियों को 'अपने पूंजीपति मित्रों' को सौंपने की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'सरकार लोगों के हाथों में पैसे देने के बारे में भूल गई। मोदी सरकार की योजना भारत की संपत्तियों को अपने पूंजीपति मित्रों को सौंपने की है।'

बजट पेश करने से पहले कांग्रेस सांसद ने ट्वीट कर कहा था, 'बजट 2021 में एमएसएमई, किसानों और कामगारों की मदद की जानी चाहिए ताकि रोजगार का सृजन हो सके। लोगों के जीवन बचाने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र पर खर्च बढ़ाया जाए। सीमाओं की सुरक्षा के लिए रक्षा खर्च में बढ़ोतरी हो।' 

वहीं कांग्रेस ने बजट पेश किए जाने के बाद दावा किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 37 महीनों की रिकॉर्ड गिरावट का उल्लेख नहीं है और इसमें अर्थव्यवस्था को गति देने पर ध्यान नहीं दिया गया। पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने ट्वीट किया, 'वित्त मंत्री के भाषण में इसका कोई जिक्र ही नहीं हुआ कि जीडीपी में 37 महीनों की रिकॉर्ड गिरावट है। 1991 के बाद से यह सबसे बड़ा संकट है।' उन्होंने दावा किया कि देश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचने के अलावा बजट में कोई मुख्य ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य बात यह है कि अर्थव्यवस्था को आगे नहीं बढ़ाओ, सिर्फ देश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचो।

इसके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'खेती और किसान की अनदेखी जारी है। खेती का बजट 6% घटाया। PM किसान सम्मान का बजट 13% घटाया। मार्केट इंटर्वेन्शन स्कीम(MIS-PSS) का बजट 25% घटाया। न काले कानून खत्म। न खेती पर GST खत्म। न डीजल की कीमतें कम।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर