Weather Update: पहाड़ी इलाकों में कई जगह पर हुई बर्फबारी, उत्तर भारत में बढ़ेगी सर्दी

देश
Updated Dec 14, 2019 | 13:32 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Snow fall in hilly region: उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है। आने वाले दिनों में इसका असर उत्तर भारत पर भी बढ़ने की संभावना है। जानें कहां कैसा है मौसम।

Snowfall in mountain region
हिमाचल प्रदेश में वर्फबारी की झलक  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • बर्फ की दूधिया चादर में लिपटे नजर आए शिमला सहित कई पर्यटन स्थल
  • पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में भी सर्दी बढ़ने के आसार हैं

नई दिल्ली: देश के कई पहाड़ी हिस्सों और पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी हुई है। शिमला, डलहौजी, मनाली और कुफरी सहित हिमाचल प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर रातभर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में कई जगहों पर बर्फ गिरी है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण कश्मीर घाटी देश के बाकी हिस्सों से शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी कट-ऑफ रही और ताजा बर्फबारी के कारण यहां उड़ान का संचालन प्रभावित रहा।

पीटीआई के अनुसार यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि खराब मौसम के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को लगातार तीसरे दिन यातायात के लिए बंद रहा। जवाहर सुरंग के पास भारी बर्फबारी हुई है।

हिमाचल में वर्फबारी की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं। शिमला शहर बर्फ की दूधिया चादर में ढका हुआ नजर आ रहा है। ये तस्वीरें पर्यटकों को आकर्षित कर सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश में ही नारकण्डा में वर्फ गिरी है। इसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार शिमला मौसम विज्ञान विभाग केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने का कहना है कि राज्य में शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सबसे अधिक बर्फबारी डलहौजी में हुई है जोकि 60 सेमी है। इसके अलावा कुफरी में 20 सेमी, मनाली में 10 सेमी जबकि शिमला में 8 सेमी बर्फबारी हुई।

लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक केंद्र कीलोंग और किन्नौर के कल्पा में भी इस दौरान 13 सेमी बर्फबारी हुई। उत्तर भारत में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और शीतलहर देखने को मिल सकती है। बीते दिनों दिल्ली एनसीआर में भी बारिश और सर्दी में इजाफा देखने को मिला है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर