27 अप्रैल से विदेशों से लगातार आ रही चिकित्सा राहत सामग्री, जानें कितने ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर और सिलेंडर पहुंचे

देश
Updated May 14, 2021 | 22:05 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

केंद्र सरकार ने बताया है कि कोविड का मुकाबला करने के लिए विदेशों से आने वाली सहायता की तेजी से निकासी, उनका बंटवारा और उन्हें राज्यों को भेजा जाना जारी है।

medical
विदेशों से आ रहीं राहत सामग्री 

नई दिल्ली: कोरोना वायरस की दूसरी लहर में घिरे भारत को विभिन्न देशों से लगातार मदद मिल रही है। चिकित्सा राहत सामग्रियां लगातार पहुंच रही हैं। भारत सरकार 27 अप्रैल से विभिन्न देशों/संगठनों की ओर से अंतरराष्ट्रीय दान और सहायता के तौर पर कोविड-19 से जुड़ी चिकित्सा राहत सामग्रियां और उपकरण प्राप्त कर रही है। भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों/विभागों ने एक सुगम और व्यवस्थित तंत्र के जरिए विश्व समुदाय की ओर से आने वाली सहायता को राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों को तेजी से वितरित करने के लिए निर्बाध रूप से सहयोग किया है।

स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय ने बताया है कि 27 अप्रैल 2021 से लेकर 13 मई, 2021 के बीच कुल मिलाकर 10,796 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, 12,269 ऑक्सीजन सिलेंडर, 19 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र, 6,497 वेंटिलेटर/बाई पैप, 4.2 लाख रेमडिसिविर की खुराकें सड़क एवं हवाई मार्ग के जरिए वितरित/भेजी जा चुकी हैं।

इंडोनेशिया, लक्जमबर्ग, ओमान, दक्षिण कोरिया, यूनाइटेड किंगडम, यूएसआईएसपीएफ, फिनलैंड और ग्रीस से 12/13 मई 2021 को प्राप्त प्रमुख खेपों में शामिल हैं:

- ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर: 1,506

- ऑक्सीजन सिलेंडर: 434

- वेंटिलेटर/ बाईपैप /सीपैप: 58

प्राप्तकर्ता राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों और संस्थानों को कारगर तत्काल आवंटन और सुव्यवस्थित वितरण का एक निरंतर अभियान जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय नियमित रूप से इसकी व्यापक निगरानी कर रहा है। अनुदान, सहायता और दान के रूप में विदेशों से आने वाली कोविड राहत सामग्री की प्राप्ति और आवंटन के समन्वय के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में एक समर्पित समन्वय प्रकोष्ठ बनाया गया है। इस प्रकोष्ठ ने 26 अप्रैल 2021 से काम करना शुरू कर दिया है। 2 मई, 2021 से स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार और कार्यान्वित की गई है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर