बर्फ की सफेद चादर में लिपटी घाटी, ठंड का बढ़ा प्रकोप, कई इलाकों में पारा शून्य से कई डिग्री नीचे, PHOTOS

कश्मीर घाटी में बर्फबारी के बाद ठंड काफी बढ़ गई है और कई इलाकों में पारा शून्य से काफी नीचे चला गया है।

Freezing snowfall in Kashmir
बर्फबारी के बाद सफेद चादर में लिपटी घाटी।  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • घाटी में भयानक ठंड और शीतलहर का प्रकोप
  • कश्मीर घाटी में सप्ताहांत में बर्फबारी के बाद बढ़ी ठंड
  • कई इलाको में पारा शून्य से नीचे

श्रीनगर: देश में पूरे उत्तर भारत के साथ कश्मीर भी शीत लहर और भयानक ठंड की चपेट में है। जनवरी खत्म होने में हालांकि अभी छह दिन है लेकिन बढ़ती ठंड ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। आनेवाले दिनों में भी फिलहाल घाटी में ठंड से राहत के आसार नहीं नजर आ रहे हैं। 

कश्मीर घाटी में सप्ताहांत में बर्फबारी के बाद ज्यादातर इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है और न्यूनतम तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया। वहीं काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।वहीं पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकरनाग में तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर अभी चिल्लई-कलां की चपेट में है। यह 40 दिन की अवधि है, जिसमें कड़ाके की सर्दी पड़ती है और घाटी शीत लहर की चपेट में होती है तथा तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाता है। ऐसी स्थिति में यहां के जलाशयों और पाइपलाइन में पानी जमने लगता है। वहीं इस अवधि में बर्फबारी की संभावना खास तौर पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्वाधिक होती है। चिल्लई कलां 31 जनवरी को खत्म होगा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर