दिल्ली में योगी सरकार का बड़ा एक्शन, रोहिंग्या कैंप पर बुल्डोजर चलाकर खाली कराई करोड़ों की जमीन

देश
किशोर जोशी
Updated Jul 22, 2021 | 15:02 IST

राजधानी दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। यहां पर यूपी सरकार की जमीन पर हुए रोहिंग्याओं के अवैध कब्जे पर बुल्डोजर चला दिया।

दिल्ली में योगी सरकार ने रोहिंग्या कैंप तोड़कर करवाया खाली
Yogi govt bulldozes illegal Rohingya camps set up in Delhi's Madanpur Khadar 
मुख्य बातें
  • राजधानी दिल्ली में योगी सरकार ने की बड़ी कार्रवाई
  • मदनपुर खादर में सिंचाई विभाग की जमीन पर बुल्डोजर चलाया, रोहिंग्याओं की कब्जाई जमीन कराई खाली

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राजधानी दिल्ली में बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने दक्षिणी दिल्ली के मदनपुर खादर में उत्तर प्रदेश सरकार की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को मुक्त करा लिया है। यहां सिंचाई विभाग की जमीन पर रोहिंग्या कैंप लगाए हुए थे और वहां ईंट से झोपडियों का निर्माण भी करा लिया गया था। सरकार की तरफ आज गुरुवार तड़के बुल्डोजर चलाकर एक्शन लिया गया। यूपी सरकार के मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने कार्रवाई का एक वीडियो भी शेयर किया है।

अवैध जमीन कराई खाली

रोहिंग्याओं के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन की कीमत डेढ़ सौ करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। योगी सरकार में जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, 'दिल्ली में फिर से चला योगी का बुल्डोजर, योगी सरकार की दिल्ली में बड़ी कार्यवाही, मदनपुर खादर में सुबह 4 बजे ही कार्यवाही कर सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे से रोहंगिया केम्पों को हटाया गया एवं अवैध कब्जे तोड़े गए उ.प्र.सिंचाई विभाग की 2.10 हेक्टेयर जमीन मुक्त कराई।'

कई इलाकों में है यूपी की जमीन
आपको बता दें कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग , उत्तर प्रदेश की कुल 1007.0012 हेक्टेयर जमीन दिल्ली राज्य में है। इसमें से 20.7054 हेक्टेयर भूमि जो दिल्ली राज्य के ओखला, जसौला, मदनपुर जैतपुर, आली, सैदाबाद, मोलरबन्ध और खुरेजी खास गाँव में है, उस पर स्थानीय व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। इन पर पक्का मकान, दुकान, हॉस्टल, सड़क, टीनशेड तथा झुग्गी- झोपड़ी आदि के रूप में निर्माण कर लिया गया है।

97 करोड़ की जमीन

इसमें से मदनपुर खादर गाँव मे उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की खसरा नंबर 612 पर स्थित 2.1080 हेक्टेयर जमीन जिसकी कीमत तकरीबन 97 करोड़ है, पर रोहिंग्या मुसलमानों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। इस भूमि से सटी जकात फाउंडेशन की भूमि पर रोहिंग्या मुसलमानों की बस्ती पूर्व से बसी हुई है।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सिंचाई एवं जलशक्ति मंत्री, उप्र डॉ महेंद्र सिंह के नेतृत्व में सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा दिल्ली प्रशासन के अधिकारियों के साथ 20 जुलाई 2021 को बैठक की गई।  बैठक में लिये गए निर्णय के क्रम में आज उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, दिल्ली पुलिस और सिविल डिफेंस के स्वयं सेवकों की सहायता से उपरोक्त जमीन को बुलडोजर लगाकर खाली करा लिया गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर