LIVE BLOG
More UpdatesMore Updates

Ayodhya Deepotsav 2021: अयोध्या में भव्‍य दीपोत्‍सव, शानदार लेजर शो, फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी

Ayodhya Deepotsav 2021, Ayodhya Diwali 2021 Celebration Photos, Images, Pics: अयोध्या में आज त्रेतायुग जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। दिवाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में 12 लाख मिट्टी के दीये जलाए गए हैं, जो एक रिकॉर्ड है। अयोध्या में पांचवें साल दीपोत्सव का आयोजन कई मायने में खास है। पहली बार सरयू तट पर नौ लाख दीये प्रज्ज्वलित किए गए हैं। तीन लाख दीये राम नगरी के मंदिरों एवं मठों में जलाए गए हैं। सरयू तट पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की एक टीम भी मौजूद रही।

Ayodhya Deepotsav 2021, Ayodhya Happy Diwali 2021 Wishes Photos, Images, Pics: दिवाली के मौके पर पूरी अयोध्या को रंग-बिरंगे लाइट से सजाया गया है। बुधवार को राम कथा का महात्म्य बताने वाली शोभा यात्रा एवं झाकियां निकाली गईं। राम नगरी के अलग-अलग धार्मिक जगहों एवं मंदिरों पर राम लीला एवं राम कथा से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बुधवार दोपहर बाद पुष्पक विमान वाले हेलिकॉप्टर से प्रतीकात्मक रूप वाले श्रीराम एवं सीता का आगमन हुआ। सरयू तट पर इनकी आरती उतारी गई। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी हैं। राम की पैड़ी पर आयोजित होने वाला लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहा। अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा के भीतर लगभग सभी पौराणिक स्थानों, कुण्डों एवं मंदिरों पर मिट्टी के दीपक जलाए गए हैं।

Nov 04, 2021  |  12:22 AM (IST)
'दीपोत्सव पिछली बार से डेढ़ गुना ज्‍यादा'

उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से अयोध्या में दीपोत्सव 2021 के दौरान दीयों का सबसे बड़ा प्रदर्शन करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस बारे में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के कंसल्टेंट ऑफिसर निश्चल बडौत ने कहा, 'इस बार का दीपोत्सव पिछली बार से डेढ़ गुना ज़्यादा रहा, पिछली बार 6,06,000 दीयों का वर्ल्ड रिकॉर्ड था। इस बार 9 लाख से ज़्यादा​ दीयों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बन रहा है।'

Nov 03, 2021  |  08:00 PM (IST)
फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी
फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी
अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन गिनीज वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया
अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन किया गया, जिस दौरान 12 लाख मिट्टी के दीपों के साथ राम नगरी में अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां भव्‍य लेजर शो का भी आयोजन किया गया, जिसकी छटा देखते ही बनती थी। राम आगमन के उपलक्ष्‍य में शानदार आतिशबाजी के भी इंतजाम किए गए। अयोध्‍या में आयोजित पंचम दीपोत्‍सव के दौरान एक नया कीर्तिमान बना। यह उपलब्धि गिनीज वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो गई, जिसका सर्टिफिकेट भी जारी किया गया है, जिसमें इसे शानदार बताया गया है।
Nov 03, 2021  |  07:28 PM (IST)
दीयों की रोशनी से जगमगाया सरयू तट

अयोध्‍या में दीपोत्‍सव के बाद अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, 'आज हमने 9 लाख दीप राम की पैड़ी और 3 लाख दीप अयोध्या के मठ और मंदिरों में जगमगाए हैं। इससे भी बड़ी संख्या में दीप जगह-जगह जले हैं।' सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या अब एक नई सांस्कृतिक नगरी के रूप में दुनियाभर में छाएगी। 2023 तक यहां भव्‍य राम मंदिर का निर्माण होगा।

Nov 03, 2021  |  06:45 PM (IST)
दीपोत्‍सव को सीएम योगी का संबोधन

अयोध्‍या दीपोत्‍सव को संबोधित करते हुए योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि सरकार रामनगरी को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने इस दौरान लोगों को सामाजिक समरसता व एकजुटता का संदेश दिया और राष्‍ट्रीय एकता व अखंडता के लिए पीएम मोदी के नेतृत्‍व में आगे बढ़ने की अपील लोगों से की।

Nov 03, 2021  |  06:06 PM (IST)
अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव

अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन शुरू हो गया है। यहां सरयू तट पर लाखों दीप प्रज्‍जवलित किए गए हैं, जिसकी छटा देखते ही बनती है। मिट्टी के दीयों की गणना काम शुरू कर दिया गया है, ताकि यह पता चल सके कि कितने दीये जलाए गए हैं। यहां भव्‍य लेजर शो का भी आयोजन किया गया है।

Nov 03, 2021  |  05:44 PM (IST)
दीपोत्‍सव का बनेगा नया रिकॉर्ड

अयोध्‍या में दीपोत्‍सव पर एक बार फिर दीप प्रज्‍जवलन का रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यहां इस बार 12 लाख दीप जलाए जाएंगे, जिसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कुछ ही देर में दीपोत्‍सव शुरू होने जा रहा है। दीपोत्‍सव का आयोजन 6 बजे से 6:30 बजे के बीच होने जा रहा है।

Nov 03, 2021  |  04:49 PM (IST)
'जो रामभक्‍तों पर गोलियां चलाते थे...'

सीएम योगी ने कहा- 'लोकतंत्र की ताकत की वजह से जो लोग कल तक रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे, आज लाइन में खड़े हैं। कुछ और साल ऐसा ही रहा तो वो लोग और उनका परिवार कारसेवा करेगा।'

Nov 03, 2021  |  04:40 PM (IST)
सीएम योगी का संबोधन

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अयोध्‍या में बुधवार को दीपोत्‍सव से पहले कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि पीएम मोदी की कोशिशों से आज यह आयोजन वैश्विक हो गया है।
 

Nov 03, 2021  |  04:26 PM (IST)
50 परियोजनाओं का लोकार्पण

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अयोध्‍या में  661 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। रामनगरी में आज 'त्रेतायुग' वाली दिवाली मनाई जा रही है।

Nov 03, 2021  |  03:59 PM (IST)
पुष्पक विमान से पहुंचे भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण; मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने किया तिलक

अयोध्या में दिवाली महोत्सव शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ समारोह स्थल पर पहुंच चुके हैं। और वह पुष्पक विमान से पहुंचे भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण का राज तिलक कर रहे हैं।

Nov 03, 2021  |  03:49 PM (IST)
दीपोत्सव कार्यक्रम का शेड्यूल जारी

दीपोत्सव का कार्यक्रम 
2:30 बजे- भगवान श्रीराम सीता का हेलीकॉप्टर से आगमन। 
3.00 बजे- रामायण चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन। 
3:30 बजे - श्रीराम का राज्याभिषेक। 
3:45 बजे- 12 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास। 
4:00 बजे -सीएम योगी आदित्यनाथ का भाषण। 
5:20 बजे- सरयू आरती। 
6:00 बजे -राम की पैड़ी पर दीपोत्सव की शुरूआत। 
7:40 बजे -राम की पैड़ी पर आतिशबाजी और लेजर शो। 
8:30 बजे - श्रीलंका के सांस्कृतिक दल द्वारा रामलीला मंचन।

Nov 03, 2021  |  03:47 PM (IST)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली समारोह की शुरूआत की
अयोध्या में दिवाली समारोह को हरी झंडी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'दीपोत्सव' में भगवान राम, भगवान लक्ष्मण और देवी सीता का किरदार निभाने वाले कलाकारों को माल्यार्पण किया।
Nov 03, 2021  |  02:45 PM (IST)
राम की पैड़ी पर लाखों दीये तेल व बाती के साथ तैयार

राम की पैड़ी पर लाखों दीये तेल व बाती के साथ तैयार हैं। दीपोत्सव पर लाखों दीप प्रज्वलित होंगे और भगवान श्रीराम की नगरी को जगमग करेंगे! इससे पहले उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने साकेत महाविद्यालय, अयोध्या से भव्य शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन एवं रामायण कार्निवाल पर आधारित झांकियों से सुसज्जित यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रामकथा पार्क पहुंचेगी।

Nov 03, 2021  |  02:18 PM (IST)
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर बोला हमला
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ मौसमी रामभक्त दिखाई देने लगे हैं। वे दाएं एवं बाएं हाथ से घंटा बजाने का अभ्यास कर रहे हैं। वे राजनीतिक दल अब राम जी के प्रति आस्था दिखाकर अपनी वैतरणी पार करने की कोशिश में हैं। राम सभी के हैं लेकिन राम के कार्य में व्यवधान पैदा करने वालों को आज देखना चाहिए कि पूरी अयोध्या और पूरा देश आज राम मय है।
Nov 03, 2021  |  01:45 PM (IST)
सरयू घाट पर जोरों पर दीपोत्सव की तैयारी
अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर साधु-संतों एवं लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। सरयू घाट पर कलाकारों ने भगवान राम, रावण दहन की रंगोली बनाया है। मुख्य घाट पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। घाट पर मिट्टी के दीयों में तेल भरने का काम किया जा रहा है। घाट के दोनों तरफ नौ घाट दीये जलाए जाएंगे। सरयू घाट पर दीयों के जरिए संदेश भी दिया जाएगा। स्वयंसेवकों भारी उत्साह है। सरयू घाट पर आम लोगों को आने की इजाजत नहीं दी गई है।
Nov 03, 2021  |  01:23 PM (IST)
मां अन्नपूर्णा की चोरी हुई मूर्ति मिली-सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि 100 साल पहले काशी से चोरी मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस मिल गई है। यह चोरी होकर कनाडा पहुंच गई थी। पीएम मोदी की अनुकम्पा से यह मूर्ति यूपी को प्राप्त हो रही है। यूपी सरकार 11 नवम्बर को यह मूर्ति दिल्ली में प्राप्त करेंगे।  14 नवंबर को यह मूर्ति काशी धाम में स्थापित होगी।

Nov 03, 2021  |  01:05 PM (IST)
वैदिक मंत्रोच्चार से होगा अतिथियों का स्वागत

राम कथा पार्क में विशिष्ट अतिथियों का स्वागत वैदिक मंत्रोच्चार से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि अयोध्या की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर एक पुस्तक का भी विमोचन भी किया जाएगा।

Nov 03, 2021  |  12:48 PM (IST)
कल केदारनाथ जाएंगे पीएम

पीएम मोदी दिवाली के अगले दिन केदारनाथ जाएंगे। पीएम की इस दौरे की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। यहां पीएम केदरानाथ मंदिर में पूजन अर्चन करेंगे और यहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।  
 

Nov 03, 2021  |  12:35 PM (IST)
राम कथा पार्क के लिए निकली 'शोभा यात्रा'
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने अयोध्या में 'शोभा यात्रा' को रवाना किया है। यह शोभा यात्रा नगर से होते हुए राम कथा पार्क तक जाएगी। इस शोभा यात्रा में राम कथा प्रसंग से जुड़ी झांकियां एवं देश भर से आए कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।
Nov 03, 2021  |  12:21 PM (IST)
डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर बोला हमला
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग राम के काम में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे थे उनको देखना चाहिए कि आज पूरा प्रदेश और देश राममय है।