LIVE BLOG
More UpdatesMore Updates

Lakhimpur Kheri Violence : लखीमपुर हिंसा मामले में 2 की गिरफ्तारी, मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को कल पेश होने को कहा

Lakhimpur Kheri Violence : लखीमपुर खीरी हिंसा केस में यूपी सरकार ने एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है। आयोग को 2 महीने में जांच रिपोर्ट सौंपनी है। इन सबके बीच प्रियंका गांधी ने कहा कि जांच करने के अंदाज से पता चलता है कि पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि नैतिक आधार पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को इस्तीफा देना चाहिए या सरकार उन्हें बर्खास्त करे। उनका बेटा आशीष मिश्रा सीधे तौर पर हिंसा में शामिल है।

Lakhimpur Kheri Violence: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एन वी रमन्ना के नेतृत्व में तीन जजों ने तीखी टिप्पणी की। बेंच ने यूपी सरकार से सीधे सीधे पूछा कि अब तक इस मामले में कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तो सीधे तौर पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा का इस्तीफा मांगा तो दूसरी तरफ यह भी कहा कि पीड़ितों को ऐसा लगता है उन्हें इंसाफ नहीं मिल पाएगा। इसके साथ ही बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने वीडियो शेयर कर कहा कि आखिर इससे बड़ा सच क्या हो सकता है। आप खून करके किसानों की भलाई की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज जनमत की आवाज यही है कि जो लोग इस कांड में दोषी हैं उनके खिलाफ बिना किसी लाग-लपेट कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ लखीमपुर खीरी निकलने से पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार को कानून व्यवस्था के मोर्चे पर निशाने पर लिया। 

Oct 07, 2021  |  08:31 PM (IST)
लखीमपुर हिंसा मामले में 2 की गिरफ्तारी

यूपी पुलिस ने बताया कि लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में दो आरोपी लवकुश और आशीष पांडे को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस ने केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा के लखीमपुर खीरी स्थित आवास के बाहर नोटिस चस्पा कर उनके बेटे आशीष मिश्रा को हिंसा के सिलसिले में आठ अक्टूबर को पेश होने को कहा है। 

Oct 07, 2021  |  04:58 PM (IST)
सिद्धू को हिरासत में लिया गया

पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ यमुना नगर (हरियाणा)-सहारनपुर (यूपी) सीमा पर हिरासत में लिया गया। वे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जा रहे थे। 

Oct 07, 2021  |  04:32 PM (IST)
2 लोगों से पूछताछ की गई

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हिंसा स्थल पर गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं। लखनऊ आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने तीन अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि की है जो मर चुके हैं। ये लोग कई तरह की जानकारियां दे रहे हैं। हम मुख्य आरोपी (आशीष मिश्रा) को पूछताछ के लिए समन भेज रहे हैं।

Oct 07, 2021  |  04:09 PM (IST)
आशीष मिश्रा को पूछताछ के लिए बुलाया गया

गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को समन जारी किया गया है। उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। लखनऊ रेंज की आईजी ने कहा कि अभी तक उनका रोल स्पष्ट नहीं है। आशीष लखीमपुर मामले में मुख्य आरोपी हैं।

Oct 07, 2021  |  04:11 PM (IST)
हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर रोका गया सिद्धू का काफिला

लखीमपुर जा रहे हैं नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला रोका गया। हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर रोका गया कांग्रेस नेता का काफिला। सहारनपुर में की गई है बैरिकेडिंग।

Oct 07, 2021  |  02:47 PM (IST)
लखीमपुर हिंसा केस में एक नया वीडियो जारी

विकास वर्मा नाम के एक शख्स ने नया वीडियो जारी किया है जिसमें आशीष मिश्रा को बनवीरपुर गांव में दिखाया गया है। वीडियो जारी करने वाले शख्स का कहना है कि वो आशीष मिश्रा पूरे दिन दंगल प्रतियोगिता में शामिल थे। हालांकि इस वीडियो के पुख्ता होने का दावा TIMES NOW नवभारत नहीं करता है। 

Oct 07, 2021  |  02:32 PM (IST)
लखीमपुर खीरी हिंसा केस में अब तक कितने गिरफ्तार: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा कि एफआईआर की स्टेटस क्या है। जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है उनमें से कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस संबंध में अदालत ने जवाब दाखिल करने के लिए शुक्रवार का समय दिया है। यूपी सरकार ने कहा कि इस संबंध में केस के सभी पहलुओं को देखते हुए जांच चल रही है और बहुत जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। 

Oct 07, 2021  |  12:41 PM (IST)
लखीमपुर खीरी केस पर आईजी, लखनऊ रेंज का खास बयान

आईजी लखनऊ रेंज लक्ष्मी सिंह ने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए जिला स्तरीय कमेटी ने अपना काम शुरू कर दिया है। सरकार द्वारा गठित न्यायमूर्ति एचसी इलाहाबाद (सेवानिवृत्त) के तहत एक न्यायिक जांच आयोग। हमने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है और जनता से इस पर सबूत भेजने की अपील की है।जिला स्तरीय समिति मामले की जांच करेगी और चार्जशीट कोर्ट में पेश करेगी जबकि न्यायिक जांच आयोग पूरे मामले की जांच करेगा. सबूतों के आधार पर हम जल्द ही इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे।

Oct 07, 2021  |  01:01 PM (IST)
लखीमपुर खीरी हिंसा केस में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

लखीमपुर केस में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। बेंच ने पूछा कि जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज है क्या उनकी गिरफ्तारी हुई है। अदालत ने केस की स्टेटस रिपोर्ट मांगी। जो लोग आरोपी हैं उनके खिलाफ जानकारी दी जाए। एक मृतक की मां की हालत चिंताजनक है। उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि एक एसआईटी का गठन किया गया है और एक एकल सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया गया है, ताकि स्थिति रिपोर्ट भी दाखिल की जा सके।

Oct 07, 2021  |  12:10 PM (IST)
यूपी सरकार पर भड़के अखिलेश यादव

लखीमपुर खीरी रवाना होने से पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि जब सच पूरे प्रदेश के सामने है उसके बाद भी आरोपियों को बचाने के तरह तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस केस में निष्पक्ष जांच के लिए जरूरी है कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। 

Oct 07, 2021  |  12:08 PM (IST)
लखीमपुर हिंसा केस में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

लखीमपुर केस में CJI रमना का कहना है कि दो अधिवक्ताओं ने मंगलवार को अदालत को एक पत्र लिखा, हमने अपनी रजिस्ट्री को पत्र को जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का निर्देश दिया, लेकिन गलत संचार के कारण, उन्होंने इसे एक स्वत: संज्ञान मामले के रूप में दर्ज किया।मामले पर आज बाद में सुनवाई होगी। इन सबके बीच यूपी सरकार ने मामले की जांच के सिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है। 

Oct 07, 2021  |  11:11 AM (IST)
राहुल गांधी को पता नहीं क्या बोल रहे हैं- कौशल किशोर

लखीमपुर खीरी घटना पर केंद्रीय मंंत्री कौशल किशोर ने कहा कि राहुल गांधी को मालूम नहीं कि क्या बोल रहे हैं क्या नहीं। जब वे लोग इससे सहमत हैं तो उनको ऐसी बात करने का क्या औचित्य है कि वे कह रहे हैं कि न्याय चाहिए। उन लोगों न्याय मिलेगा, सरकार जांच कर रही है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार की तरफ से जो आर्थिक मदद को पीड़ित परिवारों ने स्वीकार किया है। उनकी मांग के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है। 

Oct 07, 2021  |  10:34 AM (IST)
नैतिक आधार पर इस्तीफा दें गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा- प्रियंका गांधी

कांग्रेस की महासचिव एक बार फिर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी पर हमलावर हुईं। उन्होंने कहा कि नैतिक आधार पर उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। ताज्जुब की बात है कि उनका गुनहगार बेटा आज भी खुले में घूम रहा है। हिंसा से जुड़े जो वीडियो सामने आ रहे हैं वो घटना की भयावहता को खुद ब खुद बयां कर रहे हैं। आखिर क्यों एफआईआर में शामिल उनके बेटे को बचाने का प्रयास चल रहा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर हिंसा में आशीष मिश्रा शामिल हैं, उन्हें चश्मदीदों ने पहचाना है। जिस तरह से इस मामले में जांच चल रही है उससे पीड़ितों को इंसाफ की उम्मीद नहीं है। गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त किया जाना चाहिए।

Oct 07, 2021  |  10:14 AM (IST)
लखीमपुरी खीरी हिंसा जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखीमपुरी खीरी हिंसा की जांच के लिए  इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है। यह आयोग 2 महीने में जांच रिपोर्ट देगी और इसका मुख्यालय लखीमपुर होगा। बता दें कि किसानों के साथ हुए समझौते में यह एक महत्वपूर्ण मांग थी। 

Oct 07, 2021  |  09:14 AM (IST)
किसानों को न्याय मिलना ही चाहिए- वरुण गांधी
बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने लखीमपुर खीरी हिंसा केस का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वीडियो से सबकुछ साफ है, किसानों को न्याय मिलना चाहिए। प्रदर्शनकारियों की हत्या कर शांत नहीं कर सकते। निर्दोष किसानों के खून की जवाबदेही तय हो।
Oct 07, 2021  |  08:52 AM (IST)
लखीमपुर हिंसा केस में 11 बजे सुनवाई

लखीमपुर हिंसा केस में सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लेते हुए सुनवाई करने का फैसला किया है। गुरुवार 11 बजे इस विषय को सूचीबद्ध किया गया है। विपक्षी दलों का कहना है कि एफआईआर के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे को क्यों नहीं गिरफ्तार किया जा रहा है। 

Oct 07, 2021  |  07:22 AM (IST)
अखिलेश यादव जाएंगे लखीमपुर खीरी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी आज लखीमपुर खीरी जाने वाले हैं। बता दें कि तीन दिन पहले जब वो लखीमपुर जाने की तैयारी कर रहे थे तो उन्हें लखनऊ में ही रोक दिया गया और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। बुधवार को जब कांग्रेस के नेताओं को घटना स्थल पर जाने की इजाजत दी गई तो प्रियंका गांधी की तरफ से तंज भी कसा गया और उसके जवाब में अखिलेश यादव ने कहा था कि वो तो कमरे में बंद थीं उन्हें क्या पता कि समाजवादियों किस तरह आंदोलन कर रहे हैं।

Oct 07, 2021  |  06:36 AM (IST)
झारखंड के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

बुधवार की देर  रात लखीमपुर खीरी के हिंसा प्रभावित इलाके में जा रहे झारखंड कांग्रेस नेताओं को यूपी पुलिस ने विन्धमगंज के पास रोका। पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में कहासुनी भी हुई। पुलिस ने साफ कर दिया था कि जत्थे में किसी को भी जाने की इजाजत नहीं है।

Oct 07, 2021  |  12:04 AM (IST)
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लखीमपुर में एक मृत किसान के परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं हैं। चाहते हैं कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई हो। हर कोई जानता है कि वो कौन है। उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है क्योंकि उनके पिता गृह राज्य मंत्री हैं। हम यहां दबाव बनाने और इन परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आए हैं। परिजनों की चिंता यह है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या लिखा है। वे इसमें शामिल व्यक्ति के खिलाफ न्याय और कार्रवाई की मांग करते हैं। सभी जानते हैं कि किसने किया।

Oct 06, 2021  |  11:04 PM (IST)
जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक ये सत्याग्रह चलता रहेगा: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि शहीद लवप्रीत के परिवार से मिलकर दुख बाँटा लेकिन जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक ये सत्याग्रह चलता रहेगा। तुम्हारा बलिदान भूलेंगे नहीं, लवप्रीत।