Javed Akhtar : कपिल सिब्बल के आवास पर हंगामे पर भड़के जावेद अख्तर, राहुल गांधी से पूछा सवाल

Protest against Kapil Sibbal: पंजाब (Punjab)में कांग्रेस संकट के लिए सिब्बल ने इशारों-इशारों में पार्टी आलाकमान के निर्णयों पर सवाल उठाए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।

Javed Akhtar angry over attack on kapil sibbal house
जावेद अख्तर ने राहुल गांधी से चुप्पी तोड़ने की मांग की।   |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • बुधवार को कपिल सिब्बल ने कांग्रेस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
  • सिब्बल ने कहा कि हाईकमान के करीब रहने वाले नेता अब जा रहे हैं
  • कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिब्बल के आवास के बाहर किया विरोध-प्रदर्शन

नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन एवं उनके हंगामे पर गीतकार जावेद अख्तर भड़क गए हैं। उन्होंने सीधे राहुल गांधी से इस बारे में चुप्पी तोड़ने की मांग की है। अख्तर ने अपने ट्वीट में गुरुवार को कहा कि कांग्रेस की कार्यशैली के बारे में राय जाहिर करने पर सिब्बल के घर पर हमला हुआ। ये वही लोग हैं जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाने के लिए मोदी सरकार की आलोचना करते हैं। गीतकार ने पूछा है कि क्या राहुल गांधी को इस हुड़दंग की कड़े शब्दों में निंदा नहीं करनी चाहिए। 

सिब्बल ने आलाकमान के फैसलों पर सवाल उठाए हैं

पंजाब में कांग्रेस संकट के लिए सिब्बल ने इशारों-इशारों में पार्टी आलाकमान के निर्णयों पर सवाल उठाए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन और उनके खिलाफ नारे लगाए। सिब्बल के परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है। इस घटना की कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने निंदा की है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सिब्बल को सही अर्थों में कांग्रेसी बताया। थरूर ने कहा कि सिब्बल ने पार्टी के लिए कई बड़ी कानूनी लड़ाइयां लड़ीं। थरूर ने कहा कि एक लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में हमें सिब्बल को सुनने की जरूरत है। आप उनकी बात से अहमत हो सकते हैं लेकिन इस तरह से नहीं। भाजपा का मुकाबला करने के लिए हमें खुद को मजूबत बनाने की जरूरत है।   

मनीष तिवारी भी सिब्बल के समर्थन में आए

बुधवार को सिब्बल ने कहा कि यह अजीब है कि जो लोग हाई कमान के करीब रहे वे अब पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। वरिष्ठ वकील ने कहा कि कांग्रेस के पास अभी कोई अध्यक्ष नहीं है। इसलिए वह नहीं जानते कि फैसले कौन ले रहा है। उन्होंने कहा कि जी-23 'जी-हुजूर' समूह नहीं है, इसलिए इस समूह के लोग सवाल उठाते रहेंगे। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सिब्बल के आवास पर हुए प्रदर्शन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कार को नुकसान पहुंचाया गया, घर के अंदर टमाटर फेंके गए, यह हुड़दंग नहीं तो और क्या है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर