महाराष्ट्र के HM बोले- कंगना को मुंबई में रहने का कोई अधिकार नहीं, शिवसेना विधायक ने दी अभिनेत्री को धमकी

देश
किशोर जोशी
Updated Sep 04, 2020 | 17:52 IST

कंगना रनौत के मुंबई की पीओके से तुलना करने वाले बयान के बाद हंगामा मचा हुआ है। इस बीच महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि कंगना को मुंबई या महाराष्ट्र में रहने का कोई हक नहीं है।

Maharashtra HM Anil Deshmukh says Kangana has no right to live in state or Mumbai
'कंगना को मुंबई या महाराष्ट्र में रहने का कोई अधिकार नहीं' 
मुख्य बातें
  • कंगना रनौत द्वारा मुंबई को लेकर दिए गए बयान ने पकड़ा तूल
  • महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख बोले- कंगना को मुंबई में रहने का अधिकार नहीं
  • शिवसेना नेता ने कहा- कंगना को कुछ हो गया तो फिर उसकी जिम्मेदारी हमारी नहीं होगी

मुंबई: बॉलीवुड अदाकारा कंगना रनौत द्वारा मुंबई को लेकर दिया गया बयान तूल पकड़ता जा रहा है।  मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से करना और पुलिस की आलोचना करने के बाद शिवसेना और एनसीपी उन पर भड़की हुई है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने तो साफ कह दिया है कि कंगना का बयान आपत्तिजनक है और उन्हें इस बयान के बाद 'मुंबई में रहने का कोई अधिकार नहीं है।' उन्होंने कहा कि जिन्हें महाराष्ट्र या मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है, उन्हें यह राज्य छोड़ देना चाहिये।

मुंबई में रहने का कंगना को हक नहीं

देशमुख ने कंगना का नाम लिये बगैर उनकी टिप्पणियों को हास्यास्पद बताया और कहा, 'मुंबई पुलिस की तुलना स्कॉटलैंड यार्ड (ब्रिटेन की) से की जाती है। कुछ लोग मुंबई पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं।  एक IPS अधिकारी इसके खिलाफ अदालत गया है ... उनके (कंगना रनौत की) द्वारा मुंबई पुलिस से तुलना करने के बाद  उन्हें महाराष्ट्र या मुंबई में रहने का कोई अधिकार नहीं है।' कंगना ने कहा था कि उन्हें उन लोगों से अधिक मुंबई पुलिस से डर लगता है, जिन्हें वे मूवी माफिया कहती हैं।

विधायक की धमकी

वहीं शिवसेना विधायक प्रताप सरनायक ने कंगना को सीधे-सीधे धमकी देते हुए कहा, 'पहली बात तो ये है कंगना जी ये मुंबई हमारी माता है, मुंबादेवी के नाम पर इस शहर का नाम पड़ा है। उस मुंबई में आप स्टार हुई हैं। बहुत सारे स्टार और इंडस्ट्री वाले मुंबई में बड़े हुए हैं। किसी भी परिस्थिति में आप अगर ऐसा बोलना चाहती हैं यो बोलती हैं तो निश्चित रूप से मुंबई में रहने का आपका कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हमारे शिवसेना के सांसद संजय राउत ने बहुत ही सभ्य भाषा में आपको समझाया। मगर भविष्य में कभी यदि आप मुंबई वापस आती हैं तो हमारी महिला अघाड़ी के माध्यम से कुछ हो गया तो उसकी जिम्मेदारी लेने में हमें कुछ गलत नहीं लगेगा।'

 कंगना ने  दिया था ये बयान
कंगना (33) द्वारा मुंबई और यहां की पुलिस को लेकर दिये गए विवादित बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। दरअसल शिवसेना नेता संजय राउत ने कथित तौर पर कंगना को कहा था कि अगर उन्हें मुंबई पुलिस से डर लगता है तो उन्हें यहां नहीं आना चाहिये। कंगना ने राउत के इस बयान से जुड़ी एक खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया था, ''मुंबई पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर क्यों लगने लगी है।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर