अधीर के 'राष्ट्रपत्नी' बयान पर संसद में हंगामा, स्मृति ईरानी का तीखा हमला, कांग्रेस नेता की सफाई-गलती से मुंह से निकल गया शब्द

Adhir Ranjan chowdhury : विजय चौक पर बुधवार को कांग्रेस सांसदों के साथ धरने पर बैठे अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'धरना देंगे। मार्च करेंगे। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। राष्ट्रपति भवन आज भी जाने की कोशिश करेंगे। हिंदुस्तान की राष्ट्रपत्नी जी सबके लिए हैं। हमारे लिए क्यों नहीं?'

Uproar in Loksabha over Adhir Ranjan chowdhury Rashtrapatni remark on Draupadi murmu
स्मृति ईरानी ने कहा-कांग्रेस ने राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • विजय चौक पर बुधवार को अधीर रंजन चौधरी ने दिया विवादित बयान
  • अधीर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का इस्तेमाल किया
  • अधीर के इस बयान पर भाजपा हुई हमलावर, सोनिया गांधी से माफी की मांग

Rashtrapatni row : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में अपने आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी बुरी तरह घिर गए हैं। इस बयान के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर तीखा हमला किया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को अधीर पर हमला बोलते हुए कहा कि 'अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश की पत्नी के रूप में संबोधित किया। यह जानते हुए भी कि यह संबोधन देश के हर मूल्य एवं संस्कृति के खिलाफ है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी को संसद में और सड़क पर राष्ट्रपति मुर्मू और देश से माफी मांगनी चाहिए।'

अधीर के बयान पर संसद में हंगामा
अधीर के बयान पर गुरुवार को लोकसभा में हंगामा हुआ। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पार्टी और अधीर रंजन चौधरी पर निशाना साधा। सदन में हंगामा बढ़ता देख लोकसभा की कार्यवाही दिन के 12 बजे तक स्थगित हो गई। भाजपा की मांग है कि अधीर के बयान के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए। अधीर के बयान पर राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोर्चा संभालते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। हंगामा बढ़ने पर राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित हो गई। 

विजय चौक पर धरने के दौरान अधीर ने आपत्तिजनक शब्द बोले
दरअसल, विजय चौक पर बुधवार को कांग्रेस सांसदों के साथ धरने पर बैठे अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'धरना देंगे। मार्च करेंगे। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। राष्ट्रपति भवन आज भी जाने की कोशिश करेंगे। हिंदुस्तान की राष्ट्रपत्नी जी सबके लिए हैं। हमारे लिए क्यों नहीं?' भाजपा के निशाने पर आने के बाद कांग्रेस नेता ने अब सफाई दी है। उन्होंने कहा कि यह शब्द उनके मुंह से गलती से निकल गया। इसके लिए उन्हें भाजपा से माफी क्यों मांगनी चाहिए। 

ईरानी का कांग्रेस पर तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री ईरानी ने अधीर पर हमला बोलते हुए कहा, ' कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया। यह जानते हुए भी कि यह संबोधन देश के हर मूल्य एवं संस्कृति के खिलाफ है। यह जानते हुए भी कि यह संबोधन सर्वोच्च संवैधानिक गरिमा को ठेस पहुंचाता है, तब भी कांग्रेस के नेता ने यह घृणित काम किया। कांग्रेस पार्टी आदिवासी विरोधी है। कांग्रेस गरीब एवं महिला विरोधी है। गरीब एवं आदिवासी परिवार से देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली महिला का अपमान कांग्रेस पार्टी ने किया है। सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने संस्कार विहीन और संविधान को चोट पहुंचाने वाला काम किया है।'

सोनिया से ईडी की पूछताछ का विरोध कर रही है कांग्रेस
बता दें कि नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से पूछताछ का कांग्रेस पार्टी संसद से लेकर सड़क तक प्रदर्शन कर रही है। इस केस में ईडी ने सोनिया गांधी से तीन बार पूछताछ की है। सोनिया गांधी के ईडी दफ्तर में पूछताछ के दौरान कांग्रेस सांसदों ने राष्ट्रपति भवन जाने के लिए संसद से मार्च निकाला लेकिन उनके मार्च को विजय चौक के पास पुलिस ने हर बार रोक लिया। मंगलवार को विजय चौक पर पुलिस ने राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं को हिरासत में लिया। अब राष्ट्रपति पर अधीर रंजन के बयान पर भाजपा हमलावर हो गई है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर