1000 बसों के प्रस्ताव पर जमकर हो रही राजनीति, अब प्रियंका गांधी का आरोप- आगरा में नहीं मिल रही बसों को एंट्री

Priyanka Gandhi's Bus Offer: प्रवासी मजदूरों के लिए प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार को दिए गए 1000 बसों के प्रस्ताव पर जमकर वाकयुद्ध हो रहा है।

Priyanka Gandhi
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा 

नई दिल्ली: प्रवासी मजदूरों को घरों तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा 1000 बसों को तैनात करना चाहती हैं। इसे लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और उनके बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप का खेल चल रहा है। दोनों तरफ से जमकर पत्राचार हो रहा है। अब प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह ने अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी को एक और पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि बसों को आगरा प्रशासन द्वारा परमिशन नहीं दी जा रही है। 

पत्र में लिखा है, 'आज आपने हमसे सभी बसें नोएडा और गाजियाबाद पहुंचाने का आग्रह किया। हम बसों को लेकर लगभग 3 घंटे से यूपी बॉर्डर पर ऊंचा नागला पर खड़े हैं, लेकिन आगरा प्रशासन हमें अंदर घुसने नहीं दे रहा है। आप तत्काल हमारी समस्त बसों को अनुमति पत्र भेजिए ताकि हम आगे बढ़ सके। कृपया प्रशासन को हमारा अनुमित पत्र भेंजे, ताकि हमारी बसें आगरा होते हुए गाजियाबाद और नोएडा पहुंच जाएं।' 

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को प्रवासियों को वापस लाने के लिए 1000 बसें चलाने के कांग्रेस के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था। कांग्रेस के इस प्रस्ताव को लेकर दोनों पक्षों के बीच वाकयुद्ध की सी स्थिति बन गई। अवनीश अवस्थी ने संदीप सिंह को भेजा, जिसमें 1000 बसें सभी दस्तावेजों के साथ लखनऊ में मंगलवार सुबह 10 बजे सौंपने को कहा था। सिंह ने इसके जवाब में एक पत्र में कहा, 'ऐसी स्थिति में जब हजारों मजदूर सड़कों पर पैदल चल रहे हैं और हजारों लोग उत्तर प्रदेश सीमा पर विभिन्न पंजीकरण केन्द्रों पर इकट्ठे हो गए हैं, 1000 बसों को खाली लखनऊ भेजना समय और संसाधान की बर्बादी, अमानवीय और गरीब विरोधी मानसिकता है। आपकी सरकार की यह मांग राजनीति से प्रेरित लगती है। ऐसा नहीं लगता कि आपकी सरकार हमारे मजूदर भाइयों-बहनों की मदद करना चाहती है, जो एक आपदा का सामना कर रहे हैं।'

अवनीश अवस्थी ने मंगलवार सुबह प्रियंका गांधी के निजी सचिव को भेजे गए पत्र में कहा, 'आपके पत्र के अनुसार आप लखनऊ में बस देने में असमर्थ हैं एवं नोएडा,गाजियाबाद बार्डर पर ही बस देना चाहते है। अत: ऐसी स्थिति में कृपया जिलाधिकारी गाजियाबाद को 500 बसें 12 बजे तक उपलब्ध कराने का कष्ट करें। जिलाधिकारी गाजियाबाद को तदअनुसार निर्देशित किया गया है। गाजियाबाद में जिला प्रशासन द्वारा सभी बसों को रिसीव किया जाएगा एवं उनका उपयोग किया जाएगा। कृपया गाजियाबाद के कौशांबी बस अड्डे एवं साहिबाबाद बस अड्डे में बसें उपलब्ध कराने का कष्ट करें।'

प्रियंका गांधी के सचिव ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कुछ बसें राजस्थान से आ रही हैं और कुछ दिल्ली से, इसलिए यह बसें गाजियाबाद और नोएडा बॉर्डर पर शाम 5 बजे पहुंचाई जाएंगी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर