Lucknow: लखनऊ में इस बड़ी वजह से मां ने दो बच्चों संग लगा लिया था मौत को गले, कुछ ही पल में उजड़ गया पूरा परिवार

Lucknow Suicide Case: लखनऊ में एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों संग आत्महत्या करने के मामले में बड़ी वजह सामने आई है। जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। वहीं पति के बेरोजगार होने के कारण घर में गृह कलेश रहता था।

Lucknow Suicide Case
लखनऊ में मां ने इस बात से दुखी होकर बच्चों संग किया सुसाइड  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • ये थी महिला द्वारा दो बच्चों संग आत्महत्या करने की बड़ी वजह
  • पति-पत्नी के बीच डेढ़ साल से चल रहा था विवाद
  • डेढ़ माह से होटल पर खाना खाता था पति

Lucknow Suicide Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपने दो बच्चों संग महिला द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर जान देने के मामले में बड़ी वजह सामने आई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि पति और पत्नी के बीच डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। पिछले डेढ़ माह से तो पति अपनी पत्नी के हाथ का खाना भी नहीं खा रहा था। वह होटल पर जाकर रोजाना खाना खाता था। वहीं पति के बेरोजगार होने की बात भी सामने आई है।

बता दें कि निशातगंज स्थित बल्दा कॉलोनी की एकता बिल्डिंग के फ्लैट नंबर-4 में रहने वाली मधु ने शुक्रवार को अपने दोनों बच्चों (आन्य और आमिष) संग ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। वहीं गृह क्लेश की वजह से कुछ ही पलों में पूरा परिवार उजड़ गया। अब पति के पास अफसोस के सिवा कुछ नहीं बचा है। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि ऐसा हो जाएगा।

ढाई साल से बेरोजगार था पति

मधु का पति करीब ढाई साल से बेरोजगार था। कोरोना काल के दौरान उसकी प्राइवेट नौकरी छूट गई थी। जिसके बाद उसे कोई नौकरी नहीं मिली और परिवार में आर्थिक तंगी के चलते गृह क्लेश रहने लगा। बताया गया कि घर का खर्च सिर्फ शशि की मां शकुंतला की पेंशन से चल रहा था। शशि का रोजगार न होने की वजह से ही आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था। इसी के चलते महिला ने अपने दोनों बच्चों संग यह खौफनाक कदम उठा लिया।

नौ साल पहले हुई थी शादी

बताया गया कि शशि की शादी फरवरी 2013 में गाजीपुर की रेवतीपुर गांव निवासी मधु के साथ हुई थी। शादी के बाद परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। वहीं कोरोना काल के दौरान शशि की नौकरी छूट गई और परिवार में गृह क्लेश होने लगा। वहीं एक साल पहले मधु अपने भाई मनीष के साथ मुंबई चली गई थी। लेकिन बच्चों के स्कूल खुलने से पहले ही वह वापस लौट आई थी। इंस्पेक्टर का कहना है कि शशि और उसकी पत्नी मधु के बीच डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच बातचीत भी बंद थी और पिछले डेढ़ महीने से शशि होटल से खाना खा रहा था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर