लखनऊ में यहां बनेगा लक्ष्मण वानर वन, फलदार पौधे बढ़ाएंगे शोभा, उमरिया गांव में 6 एकड़ में होगा विकसित

Lucknow Vanar van: लखनऊ के बख्शी का तालाब तहसील के उमरिया गांव में वानर वन की स्थापना होगी। इसे लक्ष्मण वानर वन नाम से जाना जाएगा। छह एकड़ भूमि में बनने वाले इस वानर वन में फलदार पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही बंदरों के लिए तालाब का निर्माण किया जाएगा।

Lucknow News
लखनऊ में बनेगा वानर वन (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • लखनऊ के उमरिया गांव में होगी वानर वन की स्थापना
  • छह एकड़ में बनेगा वानर वन, लगेंगे फलदार पौधे
  • बंदरों के लिए होगा तालाब का निर्माण

Lucknow Vanar van: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का पहला वानर वन बख्शी का तालाब तहसील के उमरिया गांव में छह एकड़ भूमि में तैयार किया जाएगा। इसे लक्ष्मण वन के नाम से जाना जाएगा और इसमें अधिक से अधिक फलदार पौधों का रोपण होगा। यह निर्देश रविवार को अपर मुख्य सचिव व लखनऊ के नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दुबे ने कलेक्ट्रेट में पौधरोपण अभियान संबंधी बैठक में अन्य अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि, शहर के चारों बाहरी कोनों पर एक-एक वानर वन स्थापित करने की कार्ययोजना को भी जल्द तैयार कर लिया जाएगा। यहां फलदार पौधों का रोपण संग जलाशय भी बनेगा, जिससे पूरे वर्ष वानरों को पर्याप्त भोजन पानी मिल सके। 

उन्होंने बताया कि, पांच जुलाई को प्रस्तावित पौधरोपण के लिए गड्ढों की खोदाई हो चुकी है। चार चरणों में कुल 36 लाख 77 हजार 322 पौधों का रोपण होगा। अब तक 16 लाख 19 हजार पौधों का उठान हुआ है। उन्होंने बताया कि, 50 पौधे लगाने वाले हर व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। 

गोशालाओं की बायोफेंसिंग कर बनेगी डिजिटल डायरी

वहीं, वर्ष 2022-23 में 35 करोड़ पौधरोपण अभियान के तहत माई ट्री एप के सहयोग से 100 पौधे लगाकर जियो टैगिंग करने वाले व्यक्ति को डिजिटल प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि, शहर के बाहरी चारों कोनों पर एक एक वानर वन बनेगा। जिले की 124 गोशालाओं के चारों तरफ बायोफेंसिंग के लिए पौधरोपण कर डिजिटल डायरी बन जाएगी। जनेश्वर मिश्र पार्क, रमाबाई पार्क व ईको गार्डन में एलडीए पौधरोपण कराएगा। गौशालाओं के बाहर कदम्ब, पाकड़, अर्जुन पीपल समेत कई प्रजातियों के छायादार पौधे लगाए जाएंगे। 

सिविल डिफेंस के सहयोग से होगा पार्कों में पौधरोपण

नगर निगम द्वारा 2240 पार्कों में सिविल डिफेंस के सहयोग से पौधरोपण होगा। अतिक्रमण मुक्त शासकीय भूमि, लोहिया इंस्टीट्यूट, एसजीपीजीआई, कैंसर हॉस्पिटल, शासकीय कार्यालयों, आगरा व पूर्वाचल एक्सप्रेस वे के शुरुआती एक किलोमीटर की रेंज में रोड के दोनों तरफ भी पौधरोपण होगा। कुकरेल रेंज के बसहा वन ब्लॉक के पांच हेक्टेयर क्षेत्र में शक्ति वन में महिलाएं पौधरोपण करेंगी। वहीं, प्रत्येक ग्राम पंचायत में 75 पौध लगाकर अमृत वन तैयार होंगे, जिसमें 36 हजार पौधे रोपे जाएंगे। इस दौरान डीएफओ डॉ. रवि सिंह, एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी, सीडीओ रिया केजरीवाल आदि उपस्थित रहेंगे।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर