Lucknow Murder Case: मां-बेटे का रिश्ता हुआ कलंकित नशे के लिए कलयुगी बेटे ने कर डाला ये कारनामा, जानिए पूरी घटना

Lucknow Murder Case: आरोपी यशवंत अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने मना कर दिया तो आरोपी उसके पीछे डंडा व ईंट लेकर दौड़ा। देर रात्रि को ईंट से सो रही मां के सिर पर कई वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया।

Lucknow Murder Case
लखनऊ में मां ने नशे के लिए रुपए नहीं दिए तो बेटे ने कर दी मां की हत्या  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • मां के साथ अकेला गांव में रहता है आरोपी
  • आरोपी गत 5 सालों से नशे की लत के चलते परिवार के लिए मुसीबत बना हुआ है
  • नशे की लत के चलते 3 साल पहले पत्नी भी छोड़कर चली गई

Lucknow Murder Case: राजधानी लखनऊ में मां की ममता का गला घोंटने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। नशा मां - बेटे के रिश्ते पर हावी हो गया। शायद यही वजह रही कि, नशे की तलब में बैचेन बेटे को मां ने रुपए देने से मना किया तो उसने रिश्तों को तार- तार कर रात्रि में सोते वक्त ईंट से सिर पर कई वार कर मां को मौत के घाट उतार दिया। घटना अहिरौली थाना इलाके के गांव आमा की है।

वारदात के बाद आरोपी रात्रि में ही गांव से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद एएसपी संजय रॉय व डीएसपी एसके मिश्रा भी मौके पर आए। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर मुआयना करने के बाद एसएचओ को आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मां की ममता जगी तो किया माफ

एसएचओ प्रदीप सिंह ने बताया कि, अहिरौली थाना इलाके के गांव आमा के रहने वाले द्वारका प्रसाद गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी मृतका सुशीला देवी व बेटा यशवंत रहते हैं। बेटे की पत्नी व दो बच्चे लखनऊ में रहते हैं। उन्होंने बताया कि, घटना के बाद ग्रामीणों ने बताया कि, मंगलवार देर शाम को आरोपी यशवंत अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने मना कर दिया तो आरोपी उसके पीछे डंडा व ईंट लेकर दौड़ा। इस बीच ग्रामीणों ने समझाइस कर मामला शांत करवा दिया। इसके बाद मां सुशीला देवी ने बेटे की हरकत को माफ करते हुए उसके लिए खाना बनाया। खाना खाने के बाद दोनों अपने-अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। इस बीच यशवंत देर रात्रि को उठा व ईंट से सो रही मां के सिर पर कई वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। आरोपी ने हर हद पार करते हुए मां का चेहरा तक कुचल को दिया। इसके बाद वह मौके से भाग गया। बुधवार को पड़ोस की एक महिला ने देखा की मृतका दिन निकलने के बाद देर तक बाहर नहीं आई। महिला ने घर के अंदर जाकर देखा तो सुशीला देवी का खून से सना शव बिस्तर पर पड़ा था। घटना गांव में आग के जैसे फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर आई पुलिस ने खून से सनी ईंट व बिस्तर को अपने कब्जे में लिया। मृतका के देवर श्यामलाल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 

नशे की लत के चलते पत्नी छोड़ गई

पुलिस के मुताबिक आरोपी गत 5 सालों से नशे की लत के चलते परिवार के लिए मुसीबत बना हुआ है। उसकी एएनएम पत्नी भी 3 साल पहले अपने बच्चों को लेकर लखनऊ चली गई। पांच वर्षों से यशवंत अपने परिवार के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इधर, एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी को लेकर एसचओ को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर उसे तलाश रही है। 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर