पत्नी का हत्यारा अपने घर पर फंदे से लटका मिला, पुलिस के भय से की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर में पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने घर में पंखे से लटकता हुआ पाया। वह दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर था जिसने कुछ दिनों पहले ही अपनी पत्नी की हत्या की थी।

man found hanging in hardoi
पंखे से लटकता मिला व्यक्ति का शव 

लखनऊ : 25 वर्षीय एक टैक्सी ड्राइवर का शव मंगलवार शाम को हरदोई स्थित अपने घर के कमरे में पंखे से लटकता हुआ पाया गया। जांच में पता चला कि उसका नाम सुरजीत है और वह दिल्ली में काम करता था। वह दिल्ली के आनंद विहार में अपनी पत्नी के साथ रहता था।

दिल्ली पुलिस ने जांच में पाया कि शनिवार को दिल्ली में एक घर में एक महिला की हत्या करने वाला शख्स वही था। शनिवार को पुलिस ने उसके घर पर उसकी पत्नी को मृत पाया था तब से उन्हें उसके पति की तलाश थी। 

मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने इस बारे में उसके परिजनों को सूचना दे दी है। हरदोई पुलिस के मुताबिक सुरजीत को इस बात का भय सताने लगा था कि पुलिस अब उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी इसके कारण ही उसने सुसाइड कर लिया। 

सुरजीत की पत्नी रिंकी दिल्ली में ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। इन दोनों की शादी 2018 में हुई थी। पुलिस के मुताबिक शनिवार को पत्नी की हत्या करने के बाद सुरजीत अपने पैतृक गांव हरदोई चला गया था। इसके बाद से ही दिल्ली पुलिस की नजर से वह मुख्य संदिग्ध बन गया था।

रिंकी का शव उसके कमरे से बरामद होने के बाद से ही दिल्ली पुलिस को उसके पति की तलाश थी। आस-पास और उसके रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर दिल्ली पुलिस को पता चला कि वह यूपी के हरदोई के लोनार गांव का रहने वाला है। 

जब सुरजीत के रिश्तेदार ने उसे पुलिस के द्वारा पूछताछ वाली बात बताई तो वह डर गया। इस बात से भयभीत होकर उसने घर पर ही फांसी लगा ली। हरदोई पुलिस ने ये भी कहा कि दिल्ली पुलिस के 3 सदस्य हरदोई इस केस की जांच के सिलसिले में आए थे।
 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर