Lucknow Plantation News: इस वर्ष यूपी में रोपे जाएंगे 25 करोड़ पौधे, स्वच्छ होगा वातावरण, जानिए क्या है योजना

Lucknow Plantation News: योगी आदित्यनाथ सरकार वन महोत्सव के तहत इस वर्ष यूपी में 25 करोड़ पौधे रोपने की तैयारी में है। इसके पीछे का तर्क है कि प्रदेश में जंगल बढेंगे तो लोगों की सेहत में सुधार के साथ ही पर्यावरण में हरियाली बढे़गी।

Lucknow Plantation News
सरकार इस वर्ष यूपी में 25 करोड़ पौधे रोपने की तैयारी में   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • 6 जुलाई को ढाई करोड़ पौधे एक साथ रोपे जाएंगे
  • वातावरण के मुताबिक पौधे लगाएंगे
  • नर्सरियों में करीब 46 करोड़ पौधे तैयार किए जा चुके

Lucknow Plantation News: उत्तर प्रदेश में अब एक और रिकॉर्ड बनने जा रहा है, योगी आदित्यनाथ सरकार वन महोत्सव के तहत इस वर्ष यूपी में 25 करोड़ पौधे रोपने की तैयारी में है। इसके पीछे का तर्क है कि प्रदेश में जंगल बढ़ेंगे तो लोगों की सेहत में सुधार के साथ ही पर्यावरण में हरियाली बढे़गी। वन विभाग के मुताबिक वन महोत्सव का आगाज सीएम चित्रकूट में, गर्वनर आनंदी बेन पटेल कुकरैल में व डिप्टी सीएम केपी मौर्य एवं ब्रजेश पाठक अयोध्या एवं प्रयागराज में पौधे रोप कर करेंगे।

इधर, वन विभाग की ओर से बताया गया है कि यूपी में वन महोत्सव को जनता से जोड़ने के लिए हर जनपद में प्रदेश सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी जरूरी होगी। वहीं सासंदों को भी जिले गोद दिए जाएंगे। इसी प्रकार सरकार के आदेशों के तहत महोत्सव में लोकल नेताओं सहित सांसद, एमएलए, मेयर, निकाय अध्यक्ष, पार्षद, जिप सदस्य, सरपंच सहित ग्रामीण अंचल के जनप्रतिनिधियों की महत्ती भूमिका होगी। इनके अलावा सरकारी एवं गैर सरकारी इकाईयों सहित स्वयं सेवी संगठनों व एनजीओ को भी योजना में शामिल किया जाएगा। 

वातावरण के मुताबिक पौधे लगाएंगे

वन महोत्सव अभियान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित विभाग सहित इससे जुड़े लोगों को साफ निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान रोपे जाने वाले पौधे वातावरण के मुताबिक लगाए जाएं। सीएम ने कहा है कि जनपदों में रोपे जाने वाले पौधे पहले से तय की गई प्रजातियों के हों, जिनमें वट, पीपल, नीम, आंवला, बिल्वपत्र, पाकड़, सहजन, आम व  कटहल जैसे उपयोगी व औषधीय पौधे होंगे। फोरेस्ट डिपार्टमेंट के मुताबिक सरकारी स्तर पर 29 मूल प्रजातियों सहित 943 उप प्रजातियों के पौधे अभियान के तहत रोपे जाएंगे। 

नर्सरी में तैयार करोड़ों पौधे

फोरेस्ट महकमे के एसीसी मनोज कुमार ने बताया कि विभाग आयोजन को लेकर तैयार है। पौधे लगाने के स्थानों सहित प्रजातियों का चिह्निकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विभाग की नर्सरियों में करीब 46 करोड़ पौधे तैयार किए जा चुके हैं। पौधों को निशुल्क बांटा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का आगाज 6 जुलाई से किया जाएगा। जिसमें पहले दिन ढाई करोड़ पौधे एक साथ रोपे जाएंगे। इसके अलावा 15 अगस्त को 5 करोड़ पौधरोपण होगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव के मुताबिक सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक प्रदेश में वन क्षेत्र 15 प्रतिशत हो जाएं। उन्होंने बताया कि विभागीय आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2019 तक प्रदेश में 91 किमी वन क्षेत्र बढ़ा है। 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर