Lucknow Nagar Nigam: अब घर में सिर्फ दो श्वान ही पाल सकेंगे लोग, बढ़ेगा गायों और श्वानों का लाइसेंस शुल्क

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अब सभी तरह के श्वानों का लाइसेंस शुल्क 500 रुपये सालाना होगा। इसके अलावा अब एक घर में दो श्वान पालने का ही लाइसेंस मिलेगा।

Lucknow Nagar Nigam
अब घर में सिर्फ दो श्वान ही पाल सकेंगे लोग  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पालतू जानवरों के शौकीन लोगों के लिए जरूरी खबर
  • अब लखनऊ में सिर्फ दो श्वान पाल सकेंगे लोग
  • नगर निगम का बड़ा फैसला, लाइसेंस शुल्क में भी होगी बढ़ोतरी

Lucknow Nagar Nigam: राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए यह खबर जरूरी है। लखनऊ में नगर निमग ने बड़ा फैसला लिया है। अब पालतू जानवरों के शौकीन लोग दो श्वानों को पाल सकेंगे। अधिक श्वान पालने के लिए उन्हें लाइसेंस नहीं मिलेगा। नगर निगम श्वान और गायों के लाइसेंस शुल्क में भी बढ़ोत्तरी कर सकती है। लाइसेंस शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, नगर निगम सदन की मंजूरी मिलते ही इस प्रस्ताव को लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा श्वान के लाइसेंस को डिटिजल किया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है। इसके अनुसार, श्वान के शरीर में माइक्रो चिप लगेगी। लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। 

आपको बता दें कि लखनऊ नगर निगम अभी तक अलग-अलग तरह के श्वानों का लाइसेंस देता है। बड़ी नस्ल के विदेशी (बड़े) श्वान का 500 रुपये शुल्क तय है, जबकि छोटी नस्ल के विदेशी (छोटा) श्वान का 300 रुपये तय है। देसी श्वान का 200 रुपये सालाना शुल्क तय किया गया है। 

श्वान के लाइसेंस को किया जाएगा डिटिजल 

नए प्रस्ताव के अनुसार, सभी तरह के श्वानों का लाइसेंस शुल्क 500 रुपये सालाना होगा। इसके अलावा अब एक घर में दो श्वान पालने का ही लाइसेंस मिलेगा। एक घर में ज्यादा श्वान होने से पड़ोस के लोगों को परेशानी होती है, इसको देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, नगर निगम विदेशों की तरह राजधानी में भी श्वान के लिए माइक्रो चिप वाला डिजिटल लाइसेंस बनाएगा। यह माइक्रो चिप चावल के दाने के आकार की होगी। यह चिप श्वान के शरीर में लगेगी। चिप के अंदर श्वान के साथ उसके मालिक का डाटा उपलब्ध रहेगा। 

अब एक घर में एक व्यक्ति पाल सकेगा दो गाय 

नगर निगम के पशु चिकित्सक अभिनव वर्मा के अनुसार, चिप रीडर मशीन से श्वान के लाइसेंस के बारे में पूरी जानकारी हासिल आसानी से हो जाएगी। इसके अलावा लखनऊ में यह नियम रहेगा कि एक घर में एक व्यक्ति दो गाय पाल सकेगा। नगर निगम इसके लिए लाइसेंस जारी करता है। अभी तक गाय का सालाना लाइसेंस शुल्क 31 रुपये लिया जाता है। इसे बढ़ाकर 1000 रुपये किए जाने की तैयारी है। इसको लेकर भी प्रस्ताव तैयार किया है।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर