Ranchi Government School: प्राइवेट जैसी हो जाएंगी सरकारी स्कूलों में सुविधाएं, मनोरंजन के साथ होगी पढ़ाई

Ranchi School: रांची के सरकारी स्कूलों में बच्चों को अब प्राइवेट स्कूलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी जिससे बच्चे स्कूल आने ना कतराएं और मन लगाकार पढ़ाई करें। जिला प्रशासन ने इसको लेकर तैयारी भी शुरू कर दी है। अब बच्चों की मनोरंजन के साथ-साथ पढ़ाई कराई जाएगी।

Ranchi School
प्राइवेट जैसी हो जाएंगी सरकारी स्कूलों में सुविधाएं  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • स्कूलों में रिक्रिएशन कम लर्निंग सेंटर्स बनाए जाएंगे
  • पढ़ाई के बोझ से बच्चे स्कूल आने से न कतराएं, इसलिए की गई पहल
  • मनोरंजन के साथ बच्चे पढ़ाई करेंगे तो नियमित आएंगे

Ranchi School: झारखंड के गांव में रहने वाले बच्चे सीखने और पढ़ने में किसी से कम नहीं हैं, मगर उन्हें पढ़ाई का बेहतर माहौल कई बार नहीं मिल पाता। इस कारण वे धीरे-धीरे पढ़ाई से दूर होते जाते हैं। पढ़ाई के बोझ से बच्चे स्कूल आने से न कतराएं इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में खलारी व बुढ़मू प्रखंड के 20 सरकारी स्कूलों के बच्चों को प्राइवेट स्कूल की तर्ज पर सभी सुविधाएं मिलेंगी। मतलब स्मार्ट रूम, डिजिटल इंटरटेनमेंट रूम की भी व्यवस्था होगी। इन स्कूलों में डिजिटल इंटरटेनमेंट रूम में स्मार्ट टीवी लगाए जाएंगे जहां डॉक्यूमेंट्री, शिक्षापद मूवी व साइंस से संबंधित मूवी आदि दिखाई जाएंगी। कुल मिलाकर रांची जिला प्रशासन की पहल से अब बच्चे मनोरंजन के साथ पढ़ाई कर स्कूलों से कनेक्ट रहेंगे।

बच्चों को लाइब्रेरी की भी व्यवस्था रहेगी। जहां साइंस, सोशल स्टडी, सामान्य ज्ञान, लोकल कल्चर एवं आर्ट की कम से कम 200 किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी. बच्चे पंचतंत्र की कहानियां, चंदामामा, चंपक जैसी पत्रिकाएं भी पढ़ सकेंगे। हर महीने पत्रिका बदली जाएंगी। वहीं, बच्चों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की भी व्यवस्था की जा रही है।

रीडिंग रूम, कंप्यूटर की भी होगी व्यवस्था
गांव में कई बार बच्चों को पढ़ने के लिए जगह नहीं मिल पाती। ऐसे में इन स्कूलों में इनके लिए रीडिंग रूम की भी व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा कंप्यूटर के साथ नेट की व्यवस्था भी रहेगी। मतलब बच्चे प्राइवेट स्कूल की तर्ज पर कंप्यूटर व नेट का उपयोग कर सकेंगे। बिजली के कारण किसी प्रकार की समस्या नहीं आए इसके लिए सोलर पैनल भी लगाए जाएंगे।
 
15 इंडोर गेम्स खेलेंगे बच्चे
स्कूल के अंदर बच्चे फुटबॉल, कैरम बोर्ड, लूडो और चेस जैसे 15 इंडोर गेम्स खेल सकेंगे। इस संबंध में डीडीसी विशाल सागर ने कहा कि बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाएं डीएमएफटी के फंड से उपलब्ध कराई जाएगी। पहले चरण में जिन 20 स्कूलों का चयन हुआ है वहां ये सुविधाएं मिलेंगी। इससे साफ है कि प्राइवेट स्कूल की तर्ज पर खेल और मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध होने के कारण ड्रॉप आउट भी रुकेगा।

अगली खबर