IED Bomb: रांची जिले के इस क्षेत्र में मिला आईईडी बम, निशाने पर थे सुरक्षा बल, समय पर काम आई मुस्तैदी

IED Bomb Found News: रांची के लोहरदगा के बुलबुल जंगल में सुरक्षाबलों ने भाकपा माओवादी नक्सली संगठन को बड़ा झटका दिया है। सुरक्षाबलों ने जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है।

IED bomb found
प्रतीकात्मक तस्वीर  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मिला आईईडी बम
  • भाकपा माओवादी नक्सली संगठन को बड़ा झटका
  • जवानों ने बड़ी साजिश को किया नाकाम

IED Bomb Found: झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जवानों ने बड़ी साजिश को नाकाम कर भारी मात्रा में आईईडी बरामद किया है। दरअसल, रांची के लोहरदगा में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी। सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान लोहरदगा के बुलबुल के जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से माओवादियों को बड़ा झटका लगा है। 

जानकारी के अनुसार, लोहरदगा एसपी आर रामकुमार को मुबिखर से सूचना मिली थी, कि भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगलों में आईईडी लगा कर छोड़ा गया है। 

सुरक्षाबलों ने 14 आईईडी बम बरामद किए

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर जिला पुलिस बल और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। तलाशी अभियान के दौरान बुलबुल के जंगल में जमीन के अंदर गाड़कर रखे गए 14 पीस आईईडी बम बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने जांच पड़ताल की। जांच करने पर पता चला कि आईईडी दो किलो के थे। बताया जा रहा है कि अगर यह आईईडी फट जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। साथ ही सुरक्षाबलों को भी बड़ा नुकसान हो सकता था। सुरक्षाबलों की कार्रवाई के बाद एक बार फिर से माओवादियों को मुंह की खानी पड़ी है। 

8 फरवरी को भी चलाया था 10 दिन तक अभियान

अधिकारियों के अनुसार, लोहरदगा के सुदूरवर्ती बुलबुल के जंगल में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाते हुए 14 पीस आईईडी बरामद किए हैं। यह सभी आईईडी जमीन के अंदर छुपाकर रखी गईं थीं।  आपको बता दें कि सुरक्षा बलों ने बुलबुल के जंगलों में ही 8 फरवरी 2022 से लेकर 10 दिन तक लगातार माओवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों को काफी नुकसान पहुंचाया था। एक बार फिर से सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए भाकपा माओवादी को कड़ी चोट पहुंचाई है। 
 

अगली खबर