Ranchi Water Supply : वार्डों में नगर निगम भेजेगा निशुल्क पानी टैंकर, एक अप्रैल से शुरू होगी व्यवस्था

Ranchi Water Supply : नगर निगम की ओर से कहा गया है कि, तापमान अचानक बढ़ने के कारण शहर में जल संकट की आशंका है। शहरवासियों को जल संकट का कम सामना करना पड़े, इसके लिए जरूरी है कि, नगर निगम और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग आपस में समन्वय बनाकर काम करें।

Ranchi Municipal Corporation Water Supply
वार्डो में पानी टैंकर की सप्लाई।  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • अचानक तापमान बढ़ने से शहर में जल संकट की आशंका
  • नगर निगम ने शहरवासियों को किया अलर्ट
  • पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से समन्वय बनाकर काम करने को कहा

Ranchi Water Supply : पेयजल आपूर्ति समस्या के त्वरित निष्पादन के लिए नगर निगम में 1 अप्रैल से एक नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। नगर निगम नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या 0651-2200025 एवं 9431104429 है। नगर निगम द्वारा कहा गया कि, शहरवासी अपने वार्ड में निशुल्क पानी टैंकर के लिए रांची नगर निगम के नियंत्रण की दूरभाष संख्या 0651-2200025 पर संपर्क कर सकते हैं। अपने वार्ड पार्षद से भी संपर्क स्थापित कर सकते हैं। 

शिकायत मिलने के एक घंटे में होगी टैंकर से पानी आपूर्ति
अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने कहा कि, किसी भी मोहल्ले में पेयजल की समस्या है तो, लोग अपने वार्ड पार्षद एवं निगम के कंट्रोल रूम में घर बैठे शिकायत दर्ज करवाएं।  शिकायत करने के एक घंटे के अंदर निगम द्वारा उस मोहल्ले में टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई जाएगी।

तीन दिन बाद शुरू होगी सेवा
रांची नगर निगम की ओर से पहले मई या जून में कंट्रोल रूम की सेवा शुरू की जाती थी। मगर, इस बार 1 अप्रैल से ही यह सेवा शुरू की जा रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि, उनके मोहल्ले में चापानल, एचवाईडीटी व मिनी एचवाईडीटी खराब है तो, इसकी सूचना कंट्रोल रूम के नंबर पर दें। यह नंबर है- 06512200025, 9431104429 , आगे कहा कि, इन नंबरों पर शहरवासियों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद तुरंत समस्या का निदान किया जाएगा। 

24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम
अपर नगर आयुक्ति कुंवर सिंह पाहन ने कहा कि, इस साल पिछले साल की तुलना में काफी अधिक गर्मी पड़ रही है। जल्द ही गर्मी और बढ़ जाएगी। इससे जल संकट की समस्या गहरा सकती है। ऐसे में नगर निगम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा। खराब टैंकर एवं हाईड्रेट को दुरुस्त कराया जा रहा है। चापाकल, एचवाईडीटी एवं मिनी एचवाईडीटी की मरम्मत के लिए भी टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

अगली खबर