Ranchi Plantation: रांची में लोगों को मिलेगी शुद्ध हवा, नदी-नालों के किनारे किया जाएगा ये काम, ये है प्लान

Ranchi Plantation: हाल के वर्षों में राजधानी की आबोहवा बेहद खराब हुई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रेड जोन में चला गया है। लोगों में सांस संबंधित बीमारियां बढ़ रही हैं। इसके मद्देनजर रांची नगर निगम ने पौधरोपण को बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस मानसून में वन विभाग द्वार पौधरोपण करवाया जाएगा।

One lakh saplings to be planted in Ranchi
रांची में लगाए जाएंगे एक लाख पौधे (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • शहर में पौधरोपण के लिए निगम वन विभाग एवं निजी एजेंसियों से खरीदेगा पौधे
  • निगम इस अभियान में आम लोगों को भी करेगा शामिल, फैलाएगा जागरुकता
  • जिन लोगों के पास ओपन स्पेश है, उन्हें पौधे लगाने के लिए करेगा प्रेरित

Ranchi Plantation: रांची में मानसून की दस्तक हो चुकी है। बारिश की शुरुआत के साथ ही हरियाली बढ़ाने पर नगर निगम ने जोर दिया है। रांची नगर निगम ने तय किया है इस मानसून में शहर में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिससे शहर की हरियाली काफी बढ़ेगी। इसके लिए निगम द्वारा वन विभाग एवं निजी एजेंसियों से पौधे खरीदे जाएंगे। इस अभियान में नगर निगम ने आम लोगों को भी जोड़ने का मन बनाया है। 

निगम का कहना है कि, जिन शहरवासियों के पास ओपन स्पेश है, वे लोग अपने-अपने घर में अनिवार्य रूप से पौधे लगाएं। इसके साथ ही ऐसे दूसरे लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करें। निगम के स्तर पर आम लोगों के बीच पौधे बांटे जाएंगे।  

हर वार्ड के पांच घरों के पौधों की होगी जांच

लोगों द्वारा लगाए गए पौधे अच्छे से बढ़ रहे हैं या नहीं, उसकी भी निगरानी की जाएगी। हर वार्ड के पांच घरों के पौधों की जांच की जाएगी। पौधरोपण अभियान में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके तहत पहाड़ी मंदिर एवं टैगोर हिल में पौधों के बीज बिखेरे जाएंगे। जबकि विभिन्न करम अखाड़ों में करम, साल एवं अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। सरगना समितियों से भी मदद की अपील की जाएगी। 

पौधों की तीन साल तक होगी मॉनिटरिंग

रांची की सभी नदियों के किनारे पौधे लगाए जाएंगे। ओपन स्पेश में पांच फीट के पौधे लगाए जाने हैं। मवेशियों से पौधों को बचाने के लिए गैबियन से घेरा जाएगा। निगम जिस एजेंसी से पौधों को खरीदेगा, उस एजेंसी द्वारा अगले तीन साल तक पौधे की देखरेख कराई जाएगी। सभी पौधों की हर महीने जीपीएस से मॉनिटरिंग होगी। मेंटेनेंस कंपनी को हर महीने इन पौधों की जीपीएस बेस्ड फोटो नगर निगम को भेजनी होगी। 

जिनके पौधे पेड़ बनेंगे, उन्हें निगम देगा प्रशस्ति पत्र

इस बारे में अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन का कहना है कि, नगर निगम ने मानसून में एक लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान में आम लोग, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से सहयोग लिया जाएगा। जिन लोगों के पौधे पेड़ बन जाएंगे, उन्हें निगम द्वारा प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। 

अगली खबर