Airport Ranking: यात्री सुविधाएं देने में रांची एयरपोर्ट ने मारी बाजी, देशभर में अव्वल, इसलिए पाया ये मुकाम

Ranchi Airport: झारखंड के लोगों को इस हफ्ते एयरपोर्ट से जुड़ी दो बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। देवघर एयरपोर्ट की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही रांची एयरपोर्ट को देश भर के सबसे अच्छे एयरपोर्ट का खिताब मिला है। यात्री सुविधाएं मुहैया कराने में यह एयरपोर्ट अव्वल आया है। इस एयरपोर्ट से सफर करने वाले लोगों ने फीडबैक में अपना जमकर प्यार लुटाया है।

Ranchi airport is the best airport in the country
रांची एयरपोर्ट देश में सबसे बेहतर एयरपोर्ट  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • सर्वे में रांची एयरपोर्ट ने 5 अंकों में 4.99 अंक हासिल किए
  • जनवरी से जून 2022 की अवधि में कराया गया था सर्वे
  • उदयपुर एयरपोर्ट को भी मिला है पहला स्थान

Airport Ranking India: हवाई सफर के मामले में रांची एयरपोर्ट से यात्री सबसे अधिक संतुष्ट हैं। शुक्रवार की शाम जारी की गई रैंकिंग में यह बात सामने आई है। यात्रियों को संतुष्ट करने के मामले में रांची एयरपोर्ट को देश भर में पहला स्थान मिला है। इस स्थान पर उदयपुर एयरपोर्ट भी है। दरअसल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण कराया था। यह सर्वे जनवरी से जून 2022 तक कराया गया। इसमें देश भर के 55 एयरपोर्ट ने प्रतिभाग किया था।

इनमें रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को पांच अंकों में से 4.99 अंक मिले हैं। इतने ही अंक उदयपुर एयरपोर्ट को भी मिले हैं। बताया जाता है कि हवाई यात्रियों से 35 प्वाइंट पर फीडबैक लिए गए थे। इनमें एयरपोर्ट पर मिलने वाली सुविधाएं, आवागमन के साधन, एयरपोर्ट से अन्य आवागमन के सुलभ साधन, पार्किंग, बोर्डिंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, व्यवहार समेत कई प्वाइंट थे। 

रांची एयरपोर्ट से हर दिन 26-30 फ्लाइट भरती है उड़ान

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हर दिन 26 से 30 फ्लाइट उड़ान भरती है। कई शहरों से हर दिन 3132 से 4613 यात्रियों का आवागमन होता है। जबकि 2712 से 4238 यात्री इस एयरपोर्ट से रवाना होते हैं। पिछले साल जुलाई से दिसंबर के बीच हुए सर्वे में रांची को पांचवां स्थान मिला था। जबकि पूर्वी भारत में यह एयरपोर्ट पहले नंबर पर आया था। गौरतलब है कि रांची एयरपोर्ट को 2019 में भी पहला स्थान हासिल हुआ था। एसीआई की ओर से हर दो साल पर यह सर्वे करवाया जाता है। 

यात्री सुविधाओं को रखा जाएगा बरकरार

इस बारे में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक केएल अग्रवाल का कहना है कि रांची एयरपोर्ट के सभी कर्मियों और पदाधिकारियों की मेहनत का परिणाम यह रैंकिंग है। आने वाले दिनों में भी रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों को बेहतरीन सेवाएं मिलेंगी। बताया कि इस एयरपोर्ट से हर दिन दिल्ली के लिए 13 फ्लाइट उड़ान भरती है। बेंगलुरु के लिए 5, हैदराबाद 2, कोलकाता 6, भुवनेश्वर 1, मुंबई 4, चेन्नई 2, पटना 1, लखनऊ 1, पुणे 1 और अहमदाबाद के लिए 1 फ्लाइट उड़ान भरती है। 

अगली खबर