Ranchi Crime: रांची में किराने की दुकान पर चल रहा था नशे का कारोबार, मिला इतना 'जहर' कि पुलिस भी रह गई हैरान

Ranchi Police: रांची में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक किराने के दुकान के आड़ में नशे का कारोबार चल रहा है। पुलिस ने भारी फोर्स के साथ छापेमारी कर दो आरोपियों को कई किलो गांजा, नशीली दवाओं प्रतिबंधित सिरप के साथ पकड़ा है।

Ranchi Crime News
रांची में किराना के दुकान से चल रहा था अवैध नशे का कारोबार, पुलिस ने लिया एक्शन (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • रांची के तुपुदाना इलाके का मामला
  • पांच थानों की पुलिस ने की छापेमारी, दो को पकड़ा
  • दुकान से गांजा, नशीली दवाओं समेत पकड़ा गई कई प्रतिबंधित गोलियां

Ranchi News: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी इलाके में लंबे समय से चल रहे नशे के अड्डे का भंडाफोड़ किया गया है। रांची पुलिस ने करीब 15 किलो गांजा, सिरप सहित नशे के टैबलेट की बड़ी खेप जब्त कर ली है। नशे के सौदागर राशन की दुकान की आड़ में नशे का काला धंधा चला रहे थे। इसकी जानकारी रांची के पुलिस अधीक्षक को मिली थी,  जिसके बाद हटिया डीएसपी के नेतृत्व में 5 थानों की पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी में दुकान संचालक सहित एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि, लंबे समय से इस ग्रोसरी शॉप के जरिए नशे के सामान को बेचा जा रहा था।

बता दें कि, ग्रोसरी शॉप की आड़ में चल रहे नशे के बड़े अड्डे का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। राशन दुकान संचालक घुरन महतो और उसके दामाद संदीप महतो को पुलिस ने मौके से पकड़ा है। राशन दुकान से पुलिस को न सिर्फ करीब 15 किलो गांजा मिला है, बल्कि नशीली दवाइयों की बड़ी खेप बरामद करने में भी कामयाबी मिली है। बता दें कि राशन की दुकान से नशीली गोलियां, नशीले इंजेक्शन, प्रतिबंधित सिरप सहित अन्य सिरप और हुक्का समेत कई अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं।

पांच थानों की पुलिस ने मारा छापा

मिली जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई को हटिया डीएसपी राजा मित्रा की अगुवाई में अंजाम दिया गया। इस छापेमारी में शहर की जगन्नाथपुर, धुर्वा, अरगोड़ा, सुखदेव नगर और तुपुदाना पुलिस शामिल थी। जानकारी के अनुसार, इलाके के लोगों की ओर से रांची के सीनियर एसपी किशोर कौशल को इसकी सूचना दी गई थी। वहीं स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए आरोप में इलाके की पीसीआर और हाईवे पेट्रोल और तुपुदाना थाना की भूमिका भी संदिग्ध होने की बात एसएसपी को कही गई थी।

रांची के नगड़ी में भी गांजा सप्लायर गिरफ्तार

बता दें कि, इसी वजह से इस छापेमारी को अंजाम देने के लिए दूसरे थानों की पुलिस को भी लगाया गया था और  छापेमारी और नशे के सामान की बरामदगी के बाद तुपुदाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बता दें कि, नगड़ी थाना क्षेत्र में भी गुरुवार पुलिस की ओर से कार्रवाई करते हुए साढ़े 3 किलो गांजा की बरामदगी की गई थी। इस मामले में भी एक आरोपी पुलिस की पकड़ में आया है, जिससे पूछताछ की जा रही वहीं उससे मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

अगली खबर