Ranchi Road Accident: रांची में स्कूल बस ने ले ली स्कूटी सवार महिला की जान, बेटा गंभीर रूप से घायल

Ranchi Road Accident: राजधानी में बेलगाम रफ्तार ने फिर एक जान ले ली। एक बड़े निजी स्कूल की बस ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बस चालक और खलासी मौके से भाग निकले।

Ranchi News
रांची में बस ने मारी टक्कर, हादसे में एक की मौके पर मौत  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • शहर के कडरू पुल पर संत जेवियर्स स्कूल की बस से हुई दुर्घटना
  • लटमा निवासी आशीष राज पांडेय अपनी मां के साथ जा रहे थे
  • पुलिस ने दुर्घटना मामले में दर्ज कर लिया केस

Ranchi Road Accident: संत जेवियर्स स्कूल की बस ने शहर के कडरू पुल पर स्कूटी सवार मां-बेटे को रौंद डाला। दुर्घटना में मां ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को जानकारी देने के बाद केस दर्ज कर लिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद से आरोपी बस चालक और खलासी फरार हो गए हैं। 

दरअसल, हटिया के सिंहमोड़ लटमा स्थित विकास नगर रोड नंबर 10 की निवासी आशा पांडेय अपने बेटे आशीष राज पांडेय के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रहीं थीं। इसी दौरान बस ने टक्कर मार दी। आशीष राज का स्टेशन रोड स्थित गुरुनायक अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट है। आपको बता दें कि आशा के पति अशोक कुमार पांडेय लापुंग में शिक्षक हैं।

कंप्यूटर ठीक कराने जा रहे थे मां-बेटे

पुलिस का कहना है कि आशा अपने बेटे आशीष के साथ कंप्यूटर ठीक करवाने के लिए अरगोड़ा जा रहीं थीं। कडरू पुल से गुजरने के दौरान विपरीत दिशा में लौट रही संत जेवियर्स स्कूल के बस ने किनारे से स्कूटी में टक्कर मार दी। आशीष ने अपने वाहन से संतुलन खो दिया और मां-बेटे दूर जाकर गिरे। आशीष ने हेलमेट लगा रखा था, इसलिए वह बच गया। वहीं, उसकी मां का सिर फट गया और उनकी मौत हो गई।  

कडरू पर अक्सर होती है दुर्घटना

जिस कडरू पुल पर दुर्घटना हुई है यह ब्लॉक स्पॉट है। यहां अक्सर दुर्घटना होती रहती है। इसकी बड़ी वजह पुल संकरा और घुमावदार होना है। पुल पर एक साथ दो बड़ी गाड़ी धीमी गति से ही गुजर सकती है। पुल से कोई बस गुजर रही है तो दो पहिया वाहन के गुजरने के लिए जगह नहीं बचती है। बस चालक ने अगर पुल पार करने के दौरान सावधानी नहीं बरती तो अनहोनी होने की आशंका बनी रहती है।

अगली खबर