Ranchi Accident: रांची में मधुमक्खियों के हमले में गई मासूम भाई-बहन की जान, इस तरह परिवार आया चपेट में

Dangerous Bees Attack: रांची में मधुमक्खियों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। इस घटना में दो सगे मासूम भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे घायल हैं। मधुमक्खियों ने पीड़तों के मकान के सीढ़ी पर छत्ता लगाया था।

accident in ranchi
रांची में मधुमक्खियों के हमले में दो मासूमों की गई जान (प्रतीकात्मक)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • इस घटना में मृतकों की मां और भाई भी बुरी तरह घायल
  • घटना रांची के इटकी इलाके के मौसीबाड़ी का है
  • मकान की सीढ़ी पर मधुमक्खियों ने लगाया था छत्ता

Ranchi Accident News: रांची में हृदय विदारक घटना सामने आई है। रांची जिले के इटकी इलाके के मौसीबाड़ी मोहल्ले में मधुमक्खियों के काटने से अफान आलम (सात वर्ष) और मिरहा अक्शा (दो वर्ष) की जान चली गई। दोनों सगे भाई-बहन थे। इस घटना में अफान की मां जमीला खातून व एक अन्य भाई सलमान (पांच वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। रांची के एक निजी अस्पताल में इन दोनों मां-बेटे का इलाज चल रहा है।

बता दें कि घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल रांची ले जाया गया। एक निजी अस्पताल के डॉक्टर ने दवा देकर सभी परिवारजनों को घर भेज दिया। घर पर सभी की हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी सुबह सभी को पुन: रांची के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया। इलाज के दौरान पहले मासूम मिरहा की मौत हो गई। इसके तीन घंटे बाद ही अफान ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की मां जमीला को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जबकि सलमान का इलाज चल रहा है।

ऐसे हुआ हादसा

बता दें कि ये घटना इटकी के मौसीबाड़ी मोहल्ले की है। परिजनों के अनुसार मकान की सीढ़ी में कुछ दिनों से मधुमक्खियों के झुंड ने छत्ता बना रखा था। मधुमक्खियों ने इतने दिनों तक किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया था। अचानक से मधुमक्खियों ने सज्जाद आलम के परिवार पर हमला बोल दिया। जबतक लोग संभल पाते मधुमक्खियों ने सभी को डंक मार-मारकर घायल कर दिया। 

दो मासूमों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम

बता दें कि मधुमक्खियों ने जिस समय हमला बोला अफान और मिरहा अक्शा मकान की छत पर खेल रहे थे। मधुमक्खियों के हमले के बाद दोनों सीढ़ी से नीचे भागते समय लुढ़कते हुए जमीन पर गिर पड़े। इधर, घटना की सूचना के बाद पीड़ित के घर कई लोग पहुंचे और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। दो मासूमों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल मां रोते-रोते बार-बार अचेत हो जा रही थी। पिता सज्जाद आलम पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। देखते ही देखते एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। इससे पूरे क्षेत्र में मातम फैल गया।

अगली खबर