Ranchi World Trade Center : रांची में बनेगा वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, जानें इससे जुड़ी सभी अहम बातें

Ranchi World Trade Center: राजधानी के व्यापारियों के लिए बेहद अच्छी खबर है। यहां बनने वाले वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के लिए टेंडर फाइनल हो गया है। अब इसके निर्माण कार्य की शुरुआत होगी।

World Trade Center will be built in Ranchi
रांची में बनने जा रहा है वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, टेंडर की प्रक्रिया पूरी  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • रांची के एचईसी स्थित कोर कैपिटल एरिया में बनेगा वर्ल्ड ट्रेड सेंटर
  • इसके निर्माण पर 44 करोड़ 22 लाख रुपए किए जाएंगे खर्च
  • 24 महीने में भवन निर्माण पूरा करने का है लक्ष्य

Ranchi World Trade Center: राजधानी रांची में अगले महीने से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इससे व्यापारी वर्ग में काफी खुशी है। इस वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का निर्माण एचईसी स्थित कोर कैपिटल एरिया में कराया जाना है। इसके निर्माण पर कुल 44 करोड़ 22 लाख 52 हजार 145 रुपए खर्च किए जाएंगे। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का निर्माण कार्य 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।  

बता दें, उद्योग विभाग की कंपनी झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जिडको) ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी की है। टेंडर की प्रकिया में कुल 4 कंपनियों ने भाग लिया था। इसमें फाइनेंशियल बीड में श्रीराम त्रिवेणी कंपनी ने बाजी मारी। 

हाल में कैबिनेट ने दी है भवन निर्माण की मंजूरी
दरअसल, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के भवन निर्माण के लिए कैबिनेट ने हाल ही में मंजूरी दी है। जबकि पूर्व में केंद्र सरकार ने रांची में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृत कर दिया था। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में अंतरराष्ट्रीय कारोबार से जुड़ी सभी सुविधाएं एक परिसर में मिलेंगी। बता दें इस सेंटर में विदेश व्यापार महानिदेशालय का क्षेत्रीय कार्यालय और भारतीय निर्यात परिसंघ से जुड़े कार्यालय रहेंगे। 

निर्यात होने वाली वस्तुओं की लगेगी प्रदर्शनी
इस वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में सेमिनार हॉल एवं प्रदर्शनी के लिए हॉल बनाया जाएगा। सूबे से निर्यात होने वाली वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा करेंसी एक्सचेंज से मनी एक्सचेंज तक की सुविधा बहाल रहेगी। साथ ही एयर कार्गो, शिप कंटेनर और निर्यात प्रबंधन की अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। 

दिसंबर 2021 में निकला था पहला टेंडर
वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बनाने के लिए एक पहला टेंडर 2021 के दिसंबर में निकाला गया था। हालांकि यह टेंडर रद्द कर दिया गया था। इनमें चार कंपनियों ने टेंडर डाला था। इसमें एक भी कंपनी टेक्निकल बीड में चयनित नहीं हो पाई थी। इसके बाद फरवरी 2022 में टेंडर निकाला गया, जिसमें कंपनी का चयन कर लिया गया। 

अगली खबर