Puri Jagannath Chariot : अपनी संरचना और शानदार शिल्प कला के लिए हमेशा चर्चा में रहता है विशालकाय रथ

Puri Jagannath Chariot: पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का आयोजन एकदम अद्भुत स्वरूप में होता है । हैरानी की बात यह है कि हर साल रथ का निर्माण बिना किसी मशीन के बिल्कुल एक जैसा किया जाता है।

पुरी जगन्नाथ, पुरी जगन्नाथ मंदिर , पुरी का रथ ,भगवान जगन्नाथ का रथ , पुरी जगन्नाथ रथयात्रा 2022,Puri Jagannath, Puri Jagannath Temple, Puri's Chariot, Lord Jagannath's Chariot, Puri Jagannath Rath Yatra 2022
रथ यात्रा 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर से लेकर गुंडिचा मंदिर तक निकाली जाती है। 

नई दिल्ली: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 40 किलोमीटर दूर पुरी चार धाम में से एक है। यहां हर साल होनेवाले रथयात्रा एक ऐसा उत्सव होता है जिसमें शामिल होने के लिए लाखों श्रद्धालु आते है। इतना विशाल आयोजन और उसे लेकर विशाल स्तर पर की जानेवाली सुनियोजित तैयारी यकीनन हर व्यक्ति को चौंका देती है। पुरी रथयात्रा के अवसर पर निकलनेवाला विशालकाय रथ का निर्माण और उसका परिचालन हर व्यक्ति को हैरत में डालता है।

ओडिशा के पुरी में बिना किसी औपचारिक शिक्षा या आधुनिक मशीन के शिल्पकारों का एक समूह हर साल पारंपरिक तरीके से भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन बालभद्र व सुभद्रा के लिए एक जैसे विशाल रथ बनाता है। वार्षिक रथ यात्रा उत्सव के दौरान ये तीन रथ अपनी शाही संरचना और शानदार शिल्प कला के चलते हमेशा चर्चा में रहते हैं। यह रथ यात्रा 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर से लेकर गुंडिचा मंदिर तक निकाली जाती है।

हर साल नया रथ बनता है 

जगन्नाथ संस्कृति पर अध्ययन करने वाले असित मोहंती ने कहा, ‘हर साल नए रथ बनाए जाते हैं। सदियों से उनकी ऊंचाई, चौड़ाई और अन्य प्रमुख मापदंडों में कोई बदलाव नहीं आया है। हालांकि, रथों को अधिक रंगीन और आकर्षक बनाने के लिए उनमें नयी-नयी चीजें जरूर जोड़ी जाती हैं।’मोहंती के मुताबिक, रथ निर्माण में जुटे शिल्पकारों के इस समूह को कोई औपचारिक प्रशिक्षण हासिल नहीं है। उन्होंने बताया कि इन शिल्पकारों के पास केवल कला एवं तकनीक का ज्ञान है, जो उन्हें उनके पूर्वजों से मिला है।

16 पहियों का होता है रथ

भगवान जगन्नाथ के 16 पहियों वाले ‘नंदीघोष’ रथ का निर्माण करने वाले बिजय महापात्र ने कहा कि मैं लगभग चार दशकों से रथ बनाने का काम कर रहा हूं। मुझे मेरे पिता लिंगराज महापात्र ने इसका प्रशिक्षण दिया था। उन्होंने खुद मेरे दादा अनंत महापात्र से यह कला सीखी थी।महापात्र ने कहा कि यह सदियों से चली आ रही एक परंपरा है। हम भाग्यशाली हैं कि हमें भगवान की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है।उन्होंने बताया कि रथों के निर्माण में केवल पारंपरिक उपकरण जैसे छेनी आदि का इस्तेमाल किया जाता है।

रथ का निर्माण लकड़ी के 832 टुकड़ों से किया जाता है 

एक अन्य शोधकर्ता भास्कर मिश्रा ने बताया कि भगवान जगन्नाथ का रथ लाल और पीले रंग के कपड़ों से ढका हुआ है तथा इसका निर्माण लकड़ी के 832 टुकड़ों से किया गया है।
मिश्रा के मुताबिक, भगवान बालभद्र के रथ ‘तजद्वाज’ में 14 पहिए हैं और वह लाल तथा हरे रंग के कपड़ों से ढका हुआ है। इसी तरह, देवी सुभद्रा का रथ ‘दर्पदलन’, जिसमें 12 पहिए हैं, उसे लाल और काले कपड़े से ढका गया है।
 
‘बीमार' पड़े भगवान जगन्नाथ, 14 दिन एकांत में रहेंगे

ओडिशा के पुरी में 108 घड़े पानी से स्नान करने के एक दिन बाद बुधवार को भगवान बालभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ अपने मंदिर में ही रहे, क्योंकि परंपरा के अनुसार वे ‘बीमार’ पड़ जाते हैं और एक पखवाड़े तक एकांत में रहते हैं। जगन्नाथ संस्कृति के शोधकर्ता भास्कर मिश्रा ने कहा कि केवल ‘दैतापति’ सेवकों को मंदिरों के अंदर जाने की अनुमति है, जहां भगवान बीमार पड़ने के बाद विश्राम करते हैं। देवताओं को बीमार पड़ने पर ‘अनासर घर’ नामक कमरे में एकांत में रखा गया। महल के राज वैद्य के निर्देश पर उनका इलाज जड़ी-बूटियों, फूलों और जड़ के अर्क से किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भगवान बालभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ का ठीक उसी तरह से उपचार किया जाता है, जैसा किसी मनुष्य का बीमार पड़ने पर किया जाता है।   (एजेंसी इनपुट के साथ)
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | अध्यात्म (Spirituality News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर