Commonwealth Games 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम को इंग्‍लैंड से मिली करारी शिकस्‍त

India lost to England: भारतीय महिला हॉकी टीम को कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में महिला हॉकी के पुल ए के मैच में इंग्‍लैंड के हाथों 1-3 की शिकस्‍त मिली। भारत की तरफ से वंदना कटारिया एकमात्र गोल करने में कामयाब रहीं।

IND W vs ENG W Hockey match, CWG 2022
भारत महिला बनाम इंग्‍लैंड महिला हॉकी मैच, सीडब्‍ल्‍यूजी 2022  |  तस्वीर साभार: Times of India
मुख्य बातें
  • भारत को इंग्‍लैंड के हाथों 1-3 की शिकस्‍त मिली
  • भारत की तरफ से एकमात्र गोल वंदना कटारिया ने किया
  • भारत को अपना आखिरी मुकाबला बुधवार को कनाडा से खेलना है

बर्मिंघम: भारतीय महिला हॉकी टीम को मंगलवार को पुल ए के ग्रुप मैच में इंग्‍लैंड के हाथों 1-3 की करारी शिकस्‍त मिली। इंग्‍लैंड की तरफ से हना मार्टिन, टेस होवार्ड और जिसेल एंसले ने गोल करके इंग्‍लैंड की जीत सुरक्षित की। भारत की तरफ से औपचारिक गोल वंदना कटारिया ने किया।

इंग्‍लैंड को बढ़त लेने में ज्‍यादा समय नहीं लगा जब तीसरे मिनट में पेनल्‍टी कॉर्नर को जिसेल एंसले ने गोल में तब्‍दील किया। मेजबान टीम ने भारत को बैकफुट पर रखने की कोशिश की, लेकिन भारत ने गोल करने के प्रयास जारी रखे। भारत के लिए 12वें मिनट में बड़ा मौका आया था, जब बॉल लगभग लाइन पार हो रही थी, लेकिन इंग्लिश गोलकीपर ने समय पर बचाव कर लिया। पहले क्‍वार्टर के अंत में इंग्‍लैंड के फॉरवर्ड ने हमले तेज किए, लेकिन उन्‍हें सफलता नहीं मिली।

हालांकि, पहले क्‍वार्टर के अंतिम समय में मोनिका ने टीम के लिए पेनल्‍टी कॉर्नर जीता, लेकिन गुरजीत के शॉट को ब्‍लॉक कर दिया गया। मैच में पिछड़ने के बावजूद भारतीय टीम ने जवाबी हमला करने का प्रयास जारी रखा, जिसकी काफी सराहना हुई। तीसरे क्‍वार्टर में इंग्‍लैंड ने अपना दूसरा गोल दागा जब 40वें मिनट में टेस होवार्ड ने शानदार गोल किया। मैच समाप्‍त होने में आठ मिनट बचे थे कि इंग्‍लैंड ने अपना तीसरा गोल दागा। मार्टिन ने इस बार गोल किया।

वंदना कटारिया ने भारत के लिए एकमात्र गोल दागा और जीत का अंतर कम किया। भारत की मैच में एक बार फिर गलती नजर आई कि पेनल्‍टी कॉर्नर को गोल में तब्‍दील नहीं कर सकी। हाल ही में संपन्‍न महिला विश्‍व कप में भी भारत को यही गलती भारी पड़ी थी, जहां भारत 9वें स्‍थान पर थी। भारतीय महिला टीम अपना आखिरी पुल गेम कनाडा के खिलाफ बुधवार को खेलेगी।

अगली खबर