Euro 2020: नीदरलैंड, जर्मनी और क्रोएशिया ने यूरो 2020 के लिए किया क्वालीफाई

स्पोर्ट्स
Updated Nov 17, 2019 | 12:10 IST | भाषा

Euro football tournament: नीदरलैंड, जर्मनी और क्रोएशिया ने यूरो 2020 फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह टूर्नामेंट 12 जून से रोम में शुरू होगा।

Julian Baumgartlinger
नीदरलैंड,जर्मनी और क्रोएशिया ने यूरो 2020 के लिए क्वालीफाई किया।  |  तस्वीर साभार: AP

पेरिस: नीदरलैंड, जर्मनी और विश्व कप के फाइनलिस्ट क्रोएशिया ने शनिवार को यहां यूरो 2020 फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया। ऑस्ट्रिया ने भी कई देशों की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह टूर्नामेंट 12 जून से रोम में शुरू होगा जिसमें अब तक 16  टीमों ने जगह बना ली है। विश्व चैंपियन फ्रांस, स्पेन, इटली और इंग्लैंड पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं जबकि यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल क्वालीफिकेशन से केवल एक जीत दूर है।

नीदरलैंड को विश्व कप 2014 के बाद किसी बड़े टूर्नामेंट में अपना स्थान पक्का करने के लिए केवल एक अंक की जरूरत थी और उसने बेलफास्ट में उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ गोलरहित ड्रा खेलकर यह अंक हासिल किया। इससे जर्मनी इस ग्रुप में शीर्ष पर भी रहा। जर्मन टीम ने मोनचेंगलाबाच में बेलारूस को 4-0 से करारी शिकस्त दी और लगातार 13वीं बार यूरो के लिए क्वालीफाई किया।

क्रोएशिया ने रिजेका में खेले गए मैच में शुरू में पिछड़ने के बाद वापसी करके स्लोवाकिया को 3-1 से पराजित किया जबकि आस्ट्रिया ने उत्तरी मैसोडोनिया पर 2-1 से जीत दर्ज करके यूरो 2020 में अपनी जगह सुरक्षित की। इससे स्लोवानिया को नुकसान हुआ जो लाटविया पर 1-0 से जीत के बावजूद बाहर होने की स्थिति में पहुंच गया है। बेल्जियम ने रूस को 4-1 से हराकर ग्रुप आई में शीर्ष स्थान हासिल किया। वेल्स ने एक अन्य मैच में अजरबेजान को 2-0 से हराया।
 

अगली खबर