हिमा दास बनेंगी डीएसपी, असम सरकार ने लगाई खेल नीति में बदलाव पर मुहर

वर्ल्ड जूनियर चैंपियन और एशियाई चैंपियन धावक हिमा दास को राज्य पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त किए जाने के मसले पर असम सरकार की कैबिनेट ने मुहर लगा दी है।

Hima Das
हिमा दास 

गुवाहाटी: ढींग एक्सप्रेस के नाम से दुनियाभर में विख्यात भारतीय महिला स्प्रिंटर हिमा दास जल्दी ही पुलिस की वर्दी में नजर आएंगी। 20 वर्षीय एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और अंडर 20 वर्ल्ड चैंपियन हिमा दास को राज्य पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त करने के मसले पर असम के कैबिनेट ने बुधवार को मुहर लगा दी।  

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में जूनियर विश्व चैंपियन धावक हिमा दास को राज्य पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त करने का फैसला किया गया। इसके लिए राज्य की एकीकृत खेल नीति में बदलाव किए जाने के मामले पर भी कैबिनेट बैठक में मुहर लगाई गई। खेल नीति में बदलाव के बाद राज्य के खिलाड़ियों की राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। ये नियुक्तियां पुलिस, एक्साइज और ट्रांसपोर्ट विभाग में की होंगी। इस बात की जानकारी राज्य सरकार के प्रवक्ता और उद्योग मंत्री चंद्र मोहन पटोवरी ने दी। 

बैठक में फैसला हुआ कि हिमा दास को असम पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा एशियाई, राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य में प्रथम श्रेणी के अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

हिमा दास ने साल 2018 में  फिनलैंड के तंपेर में आयोजित आईएएएफ वर्ल्ड अंडर 20 चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। वो आईएएएफ की किसी भी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय धाविका बनी थीं। इसके बाद हिमा ने 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियाई खेलों में दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए थे। 

अगली खबर