सड़क पर 2.5 किलोमीटर तक लिख दिया- I Love You, I Miss You, इस तरह जाहिर किया प्यार

ट्रेंडिंग/वायरल
Updated Mar 27, 2021 | 17:24 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक शख्स ने एक सड़क पर 2.5 किलोमीटर तक पेंट से 'आई लव यू' और 'आई मिस यू' लिख दिया। बाद में कलर से ही इन सभी संदेशों को मिटाया गया।

road
तस्वीरें और वीडियो हुए वायरल 

कई लोग किसी के प्रति अपना प्रेम जाहिर करने के लिए अलग-अलग तरह की चीजें करते हैं। कुछ ऐसे भी होते हैं जो सभी को आकर्षित करते हैं। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र के कोल्हापुर से आया है। यहां एक शख्स ने अपने पार्टनर के प्रति अपना स्नेह दिखाने के लिए फिल्मी रास्ता अपनाया। उसने सड़क पर 2.5 किलोमीटर तक 'आई लव यू' और 'आई मिस यू' लिखा।

एक जगह उसने लिखा- 'आई मिस यू, जिंदगी के साथ, जिंदगी के बाद भी।' इसी के बाद 2.5 किलोमीटर तक उसने थोड़ी-थोड़ी दूरी पर 'आई लव यू' और 'आई मिस यू' लिखा

ये मामला मंगलवार को तब सामने आया जब कोल्हापुर जिले की शिरोल तहसील के धरांगुट्टी गांव के स्थानीय लोगों ने इन सभी आश्चर्य से भरे संदेशों को देखा। सड़क पर  'आई लव यू' और 'आई मिस यू' देखकर हर कोई आश्चर्यचकित हुआ। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने जयसिंहपुर से धारंगुट्टी मार्ग पर लगभग 2.5 किमी तक सफेद पेंट से इन मैसेज को लिखा। प्रेम व्यक्त करने के इस अजीब तरीके के फोटो और वीडियो वायरल हो गए।  

ग्राम पंचायत ने कर्मचारियों को इन संदेशों को पेंट कर कवर किया। संदेशों को कवर करने वाले स्थानीय प्रशासन की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा की गईं।

अगली खबर