कूड़ा उठाने वाले 2 भाई, जो रातों-रात बन गए स्‍टार, आनंद महिंद्रा भी हुए जिनकी सुरीली आवाज के कायल [Video]

ट्रेंडिंग/वायरल
अबुज़र कमालुद्दीन
अबुज़र कमालुद्दीन | जूनियर रिपोर्टर
Updated Feb 21, 2021 | 23:21 IST

ट्विटर पोस्ट में आनंद महिंद्रा ने कूड़ा उठाने वाले दो लड़कों का वीडियो साझा किया था। इसमें वे दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में बेहद सुरीली आवाज में राहत फतह अली खान का गीत गुनगुना रहे थे।

कूड़ा उठाने वाले 2 भाई, जो रातों-रात बन गए स्‍टार, आनंद महिंद्रा भी हुए जिनकी सुरीली आवाज के कायल [Video]
कूड़ा उठाने वाले 2 भाई, जो रातों-रात बन गए स्‍टार, आनंद महिंद्रा भी हुए जिनकी सुरीली आवाज के कायल [Video] 
मुख्य बातें
  • कारोबारी आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर यह वीडियो साझा किया था
  • वीडियो वायरल हो गई, जिसके बाद कई लोगों ने मदद की पेशकश की
  • दोनों भाई जल्द ही टीवी रियलिटी शो में नजर आ सकते हैं

नई दिल्‍ली : शनिवार की शाम मशहूर व्यापारी आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आनंद महिंद्रा ने कूड़ा उठाने वाले दो लड़कों का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया था। इस वीडियो में दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में घरों से कूड़ा उठाने वाले दो लड़के बड़ी ही सुरीली आवाज में राहत फतह अली खान का गीत गुनगुना रहे थे।

आनंद महिंद्रा ने लिखा कि उन्हें यह वीडियो उनके दोस्त रोहित खट्टर ने भेजा है। लड़कों की आवाज से प्रभावित होकर आनंद महिंद्रा ने उन्हें मदद की पेशकश की। साथ ही उनके संगीत के प्रोफेशनल ट्रेनिंग का खर्च उठाने की भी इच्छा व्यक्त की। उनके इस पोस्ट के बाद से लगातार कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इन लड़कों के मदद करने की बात कही साथ इनके आवाज की खूब तारीफ भी की।

कूड़ा उठाना है पारिवारिक काम

हमने भी रविवार को उन दोनों लड़कों की तलाश शुरू की। करीब तीन-चार घंटे की तलाश के बाद हम हबीबर और हाफिज को तलाशने में कामयाब रहे। दिल्ली के खादर गांव की झुग्गियों में हबीबर और हाफिज अपने परिवार के साथ रहते हैं। कूड़ा उठाना इनका पारिवारिक पेशा है। होश संभालने के बाद से ही इन लड़कों ने कूड़ा उठाने का काम शुरू किया। गरीबी की वजह से यह दोनों भाई पढ़ाई नहीं कर पाए। आनंद महिंद्रा के दोस्त रोहित खट्टर के परिवार के किसी सदस्य ने इन दोनों लड़के की वीडियो बनाई। रोहित खट्टर के माध्यम से यह वीडियो आनंद महिंद्रा तक पहुंच गया।  

Image

पिता बंगाली सूफी संगीत में हैं माहिर

इन दोनों लड़के के पिता शाहनवाज असम के रहने वाले हैं। कामकाज की तलाश में करीब बीस साल पहले दिल्ली आ गए। वो खुद बंगाली सूफी संगीत में माहिर हैं। उन्होंने जो कुछ भी सीखा वो अब अपने बच्चों को स्वयं सीखा रहे हैं। पैसों की कमी और मोहताजी की वजह से बच्चों को नहीं पढ़ा पाए। वो खुद कव्वाली और भजन गाते हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के अंदर होने वाली माता चौकी में वो बिना पैसे लिए भजन गाते हैं। साथ ही चाहते हैं कि उनके बच्चों को मौका मिले। अगर उनके बच्चों को मौका मिला तो वो जरूर उन्हें आगे भेजेंगे और उनकी मदद करेंगे।

Image

बड़े टीवी प्रोग्राम से आने लगे हैं कॉल

वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें लगातार मुंबई से फोन आने लगे। बड़े रियलिटी शो में भी आने का निमंत्रण मिलने लगा है। यह दोनों लड़के अगले 24 घंटे में मुंबई रवाना हो जाएंगे। घर आयी अचानक इस खबर से परिवार वालों की भी खुशी का ठिकाना नहीं है। जब हम परिवार से संवाद कर रहे थे तब मां की आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्हें उम्मीद है कि शायद बेटों की मेहनत से उनके परिवार की तकदीर बदल सकती है।

परिवार ने आनंद महिंद्रा को कहा धन्यवाद

हबीबर और हाफिज ने आनंद महिंद्रा का दिल से शुक्रिया अदा किया। साथ ही कहा कि उनकी वजह से शायद हम अपने सपने को पूरा कर पाएं। साथ ही शाहनवाज के पिता ने कहा कि अगर हमारे बच्चे आगे बढ़ते हैं और देश के लिए कुछ करते हैं तो मुझे फख्र महसूस होगा। आगे हमने जब रोहित खट्टर से बात की तो उनका कहना था कि वो इन लड़कों की मेहनत और इनकी आवाज़ से वो बहुत प्रभावित हैं। अगर इन बच्चों को किसी बड़े मंच पर मौका मिलता है तो इन्हें बहुत खुशी होगी।
 

अगली खबर