14 दिन के मासूम ने निगल लिया था सेफ्टी पिन, पुलिसकर्मी ने दी मदद तो बची जान, जमकर हुई तारीफ

Mumbai news: मुंबई के एक पुलिसकर्मी की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है, जिसने 14 दिन के एक बच्‍चे की जान बचाई। बच्‍चे ने सेफ्टी पिन निगल लिया था, जिससे उसकी जान पर बन आई थी।

14 दिन के मासूम ने निगल लिया था सेफ्टी पिन, पुलिसकर्मी ने दी मदद तो बची जान, जमकर हुई तारीफ
14 दिन के मासूम ने निगल लिया था सेफ्टी पिन, पुलिसकर्मी ने दी मदद तो बची जान, जमकर हुई तारीफ 
मुख्य बातें
  • मुंबई में 14 दिन के एक मासूम बच्‍चे ने सेफ्टी पिन निगल लिया था
  • अभिभावक उसे जल्‍द से जल्‍द अस्‍पताल ले जाने के लिए निकले थे
  • कॉन्‍सटेबल ने अपनी गाड़ी से उन्‍हें समय रहते अस्‍पताल पहुंचाया

मुंबई : मुंबई पुलिस के एक कॉन्‍सटेबल की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है, जिनकी मदद से 14 दिन के उस मासूम को बचाया जा सका, जिसने सेफ्टी पिन निगल लिया था। अगर कॉन्‍सटेबल ने समय रहते मदद नहीं पहुंचाई होती तो मासूम की जान खतरे में पड़ सकती थी। मुंबई पुलिस कॉन्‍सटेबल की मदद के लिए जहां मासूम का परिवार शुक्रगुजार है, वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इस पुलिसकर्मी की तारीफ करते नहीं थक रहे।

मुंबई पुलिस ने किया ट्वीट

मुंबई पुलिस ने इस संबंध में एक ट्वीट किया है, जिसके मुताबिक मासूम बच्‍चे ने गलती से सेफ्टी पिन निगल लिया था, जो उसके गले में जा फंसा था। उसके घरवावाले उसे जल्‍द से जल्‍द अस्‍पताल ले जाने के लिए सड़कों पर दौड़ रहे थे, जब पुलिस कॉन्‍सटेबल की नजर उन पर पड़ी। वह उनके पास गए और मामले की जानकारी हासिल की। हालात की गंभीरता को समझते हुए वह अपनी गाड़ी से उन्‍हें अस्‍पताल ले गए।

समय पर पहुंचाई मदद

पुलिस कॉन्‍सेबल एस. कोलेकर उन्‍हें लेकर पारेल इलाके के किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्‍पताल पहुंचे, जहां बच्‍चे का उपचार किया गया। समय पर पहुंच जाने की वजह से बच्‍चे को खतरे से बाहर रखा जा सके। मुंबई पुलिस ने इस संबंध में ट्वीट किया तो सोशल मीडिया पर अन्‍य लोगों ने भी समय पर मदद पहुंचाने के लिए कॉन्‍सटेबल की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा है, 'लोगों के लिए आप जो कुछ भी करते हैं, उससे आपके लिए सम्‍मान बढ़ गया है।'

इंटरनेट यूजर्स ने की तारीफ

वहीं एक अन्‍य यूजर ने लिखा है, 'कौन कहता है कि धरती पर ईश्‍वरीय दूत नहीं हैं।' जबकि एक अन्‍य यूजर ने लिखा कि उस अभिभावक की भावनाओं की बस कल्‍पना की जा सकती है, जब मुश्किल में फंसे उनके शिशु को 'पुलिस यूनिफॉर्म में ईश्‍वर के भेजे एक दूत' ने अस्‍पताल पहुंचाया और समय पर वहां पहुंचने की वजह से उसकी जान बचाई जा सकी। सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस कॉन्‍सटेबल की हर किसी ने तारीफ और बेहतरी के लिए दुआ की।

अगली खबर