पुलिस स्टेशन में डांस करने वाली महिला पुलिसकर्मी हुई सस्पेंड, TikTok VIDEO हुआ वायरल

ट्रेंडिंग/वायरल
Updated Jul 25, 2019 | 12:28 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

एक युवा महिला पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह पुलिस स्टेशन के अंदर डांस करते हुए नजर आ रही थी। अब महिला को सस्पेंड करने की खबर सामने आई है।

Women police officer suspended after dance in police station
पुलिस स्टेशन में डांस करने वाली महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • पुलिस स्टेशन में लॉकअप के सामने किया था डांस
  • सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था अर्पिता चौधरी का वीडियो
  • वीडियो वायरल होने के बाद महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड

नई दिल्ली: पुलिस स्टेशन में बॉलीवुड गाने पर डांस करने के बाद एक महिला पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। यह जानकारी अधिकारियों के हवाले से सामने आई है। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। इस छोटी सी वीडियो क्लिप में अर्पिता चौधरी मेहसाणा जिले के लंघनाज पुलिस स्टेशन में लॉक अप के सामने डांस करते हुए नजर आ रही हैं। खबरों के अनुसार अर्पिता चौधरी लोक रक्षक दल (एलआरडी) की रिक्रूट हैं। यहां आप महिला का वायरल वीडियो भी देख सकते हैं।

उप पुलिस अधीक्षक मंजीत वंजारा ने इस बारे में बात करते हुए पत्रकारों को बताया, 'अर्पिता चौधरी ने नियमों का उल्लंघन किया है। वह ड्यूटी पर रहते हुए वर्दी में नहीं थीं। दूसरी बात, उन्होंने लंघनाज गांव के पुलिस स्टेशन के अंदर खुद का एक वीडियो शूट किया। पुलिस कर्मियों को अनुशासन का पालन करना चाहिए, जो उन्होंने नहीं किया है और इसलिए उसे निलंबित कर दिया गया है।'

आगे पुलिस अधिकारी ने कहा कि अर्पिता चौधरी ने 20 जुलाई को वीडियो शूट किया था और इसे सोशल मीडिया साइट्स व्हाट्सएप पर शेयर भी किया। साल 2016 में एलआरडी में भर्ती हुईं चौधरी को 2018 में मेहसाणा के लिए ट्रांसफर कर दिया गया था।

गौरतलब है कि इन दिनों इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं जहां सरकारी कर्मियों को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियोज के चलते कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। बीते दिनों डांस करती हुई एक महिला के साथ नजर आने के बाद एक बस कंडक्टर और मार्शल के खिलाफ भी एक्शन लिया गया था।

अगली खबर