लाइव टीवी

Agra Coronavirus: आगरा में कोरोना का खतरा बरकरार, ताज महल को खोलने पर बना हुआ है संशय

Updated Jul 05, 2020 | 13:29 IST

Taj Mahal: आगरा में कोविड-19 के तेजी से फैलते मामलों के बीच जिला प्रशासन इस बात को लेकर असमंजस में है कि सोमवार से ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोला जाए या नहीं।

Loading ...
संस्कृति मंत्रालय ने ताज महल खोलने का आदेश दिया था
मुख्य बातें
  • केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने 6 जुलाई से आगंतुकों के लिए ताजमहल खोलने का आदेश दिया था
  • स्वास्थ्य कर्मियों ने हैरानी जताई है कि यह फैसला थोड़ा जल्दी ले लिया गया
  • अब जिला प्रशासन असमंजस में है कि 6 जुलाई से ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोला जाए या नहीं

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में कोविड-19 के तेजी से फैलते मामलों के बीच जिला प्रशासन इस बात को लेकर असमंजस में है कि सोमवार से ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोला जाए या नहीं। केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्रालय ने बीते सप्ताह एएसआई इमारतों को सुरक्षा और एसओपी का ध्यान रखते हुए छह जुलाई से खोलने के इजाजत दिए थे। ताजमहल को पर्यटकों के लिए दोबारा खोलने का निर्णय शाम में जिला प्रशासन द्वारा लिया जाएगा।

लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि आगरा कि स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां बीते 24 घंटों में 15 नए मामले आए हैं और कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1282 हो गई है। वहीं शहर में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। अबतक 1,053 रोगियों को डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि 90 लोगों की इस महामारी से अबतक मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यहां रिकवरी दर 82.04 प्रतिशत है।

ASI स्मारकों को खोला जा सकता है

आगरा में पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने 6 जुलाई से आगंतुकों के लिए ताजमहल और अन्य एएसआई संरक्षित स्मारकों को फिर से खोलने के केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के फैसले का स्वागत किया था। जहां पर्यटन उद्योग ने तैयारी शुरू कर दी, वहीं कुछ लोगों ने इस पर संदेह जताया था और कुछ स्वास्थ्य कर्मियों ने हैरानी जताई कि यह फैसला थोड़ा जल्दी ले लिया गया है क्योंकि कोविड-19 संक्रमण के प्रसार को अभी तक प्रभावी रूप से नहीं रोका जा सका है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह ने गुरुवार को ट्वीट किया कि एएसआई स्मारकों को आवश्यक सावधानी और पूर्ण सुरक्षा उपायों के साथ खोला जा सकता है। 

तैयारी में जुटे होटल

कोरोना से बुरी तरह प्रभावित पर्यटन को रफ्तार देने के लिए स्थानीय होटल व्यवसायियों ने आगरा के लिए उड़ानें फिर से शुरू करने, अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने और आगरा को देश के महत्वपूर्ण स्थलों से जोड़ने की मांग की है। पर्यटक सीजन आम तौर पर सितंबर के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है। फिलहाल सभी बड़े होटल रखरखाव और मरम्मत कार्य करा रहे हैं। अंतरारष्ट्रीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए स्वच्छता मानकों को उन्नत करने पर जोर दिया जा रहा है। 

सालाना 70 लाख से अधिक पर्यटक ताजमहल का दीदार करते हैं। 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।