लाइव टीवी

जानें कौन है वो शख्स, जिसने कराए डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया को ताज महल के दीदार

Updated Feb 24, 2020 | 21:34 IST

Donald Trump and Melania Trump in Agra: पत्नी मेलानिया के साथ डोनाल्ड ट्रंप ने हाथ में हाथ डालकर ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान एक और शख्स जो सुर्खियों में आया जानिए कौन है वो-

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
ट्रंप के ताजमहल घुमाने वाला गाइड नितिन
मुख्य बातें
  • डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को ताजमहल का दीदार कराने वाला शख्स चर्चा में
  • गाइड नितिन कुमार सिंह पर्यटन मंत्रालय का टूर गाइड है जिसे सरकार ने ये जिम्मा सौंपा था
  • नितिन ने ट्रंप दंपति को ताजमहल का दीदार कराते समय वहां की एक-एक बारीक जानकारी दी
  • अंत में डोनाल्ड ट्रंप ने गाइड नितिन के साथ सेल्फी भी खिंचवाई

नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत दौरा ना सिर्फ भारत और अमेरिका में बल्कि पूरे विश्व भर में छाया हुआ है। अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में स्पीच देने के बाद डोनाल्ड ट्रंप परिवार समेत आगरा स्थित ताजमहल का दीदार करने के लिए गए। यहां पर उन्होंने अपनी अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ उनके हाथ में हाथ डालकर मोहब्बत के प्रतीक ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान एक और शख्स जो सुर्खियों में आ गया वो था उन्हें ताजमहल घुमाने वाला गाइड नितिन कुमार सिंह।

ताजमहल के दौरे पर गए डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप के साथ नितिन कि कई तस्वीरें मीडिया में वायरल हो गईं और हर कोई उनके बारे में जानने को उत्सुक हो गया है। आपको बताते हैं कि कौन हैं नितिन कुमार सिंह जिन्हें दुनिया के सबसे ताकतवर शख्स को ताजमहल का दीदार करवाने का मौका मिला। 

कौन हैं नितिन कुमार सिंह
नितिन कुमार सिंह पर्यटन मंत्रालय के टूर गाइड हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मैंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को ताजमहल की हर एक बारीक से बारीक चीजों की जानकारी दी। उन्होंने ताजमहल को देखने के बाद पहला शब्द कहा 'अद्भुत'। प्रेसीडेंट ट्रंप और मेलानिया ट्रंप ने दोबारा से भारत आने का वादा किया है।  

नितिन के लिए बड़ी खुशनसीबी
दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता को ताजमहल घुमाने का मौका मिलना अपने आप में नितिन के लिए एक बड़ी व बेहद सम्मान की बात थी। नितिन ने ताजमहल का दौरा कराते हुए ट्रंप दंपति को वहां की एक-एक चीज की गहराई से जानकारी दी। ताजमहल कैसे बना उसे बनाने में कितना समय लगा और किन तकनीकों से बनाया गया सब कुछ। इसके इतिहास और स्थापत्य कला की गहराई से जानकारी दी। 

खूबियां जान हैरान हुए ट्रंप
ये सारी चीजें जानकर ट्रंप काफी हैरान हुए और उन्होंने इसे अद्भुत कहा। गाइड नितिन ने कहा कि उन्होंने ट्रंप से दो गुजारिश की, जिसमें से एक के लिए उन्होंने मना कर दिया, जबकि दूसरी बात मान ली। एक तो उन्होंने ट्रंप से पत्नी मेलानिया के साथ डायना बेंच पर बैठने की गुजारिश की जो उन्होंने मना कर दी।

नितिन ने ट्रंप से दो गुजारिश
दूसरी गुजारिश करते हुए कहा कि चूंकि ये मोहब्बत का प्रतीक है तो उन्हें एक दूसरे के हाथों में हाथ डालकर चलना चाहिए तो ये बात ट्रंप ने मान ली इसके बाद दोनों ने एक दूसरे के हाथ में हाथ डालकर ताजमहल में चहलकदमी की। दुनिया के अजूबों में शुमार खूबसूरती की मिसाल ताजमहल परिसर में अपनी पत्नी का हाथ थामे ट्रंप करीब 50 से 60 कदम चले।

इसी दौरान ट्रंप व मेलानिया की फोटो खींची गई, जोकि विश्व मीडिया में छा गई। ताजमहल घूमने के दौरान ट्रंप दंपत्ति का आपसी तालमेल भी देखते ही बन रहा था। ऐसा लग रहा था मानो दोनों प्रेम को समर्पित इस इमारत से अपने आपको जोड़कर देख रहे हों।

बाद में ट्रंप ने नितिन के साथ ली सेल्फी
नितिन ने बताया कि वह ट्रंप व मेलानिया को समय देने के लिए कुछ देर तक उनके साथ न चलते हुए कुछ कदम पीछे चले। नितिन भी बखूबी समझ रहे थे कि ऐसे प्यार भरे माहौल में एक जोड़े को कुछ पल अकेले ही बिताने चाहिए। ताज के दीदार करने के बाद ट्रंप ने नितिन से कहा, थैंक यू। इसके बाद उन्होंने साथ में सेल्फी ली।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।