लाइव टीवी

आगरा में कोविड-19 मरीजों को दिया गया कीड़े वाला भोजन, दो बहनों ने की शिकायत

Updated Aug 10, 2020 | 00:09 IST

Agra News: यूपी के आगरा में कोरोना संक्रमित दो बहनों ने भोजन में कीड़े होने की शिकायत की है। उनका यह भी कहना है कि भोजन समय से नहीं दिया जाता। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
आगरा में कोविड-19 मरीजों को दिया गया कीड़े वाला भोजन, दो बहनों ने की शिकायत
मुख्य बातें
  • आगरा में दो कोविड-19 मरीजों ने भोजन में कीड़े होने की शिकायत की है
  • उनका यह भी कहना है कि यहां समय से भोजन नहीं परोसा जाता
  • यह घटना आगरा में एक निजी कॉलेज में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र की है

आगरा : उत्‍तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां कोरोना संक्रमित दो बहनों ने शिकायत की है कि उन्‍हें आइसोलेशन केंद्र में जो भोजन दिया गया, उसमें कीड़े मिले। इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्‍ट भी सामने हैं। दोनों बहनों ने न केवल खराब भोजन की शिकायत की है, बल्कि यहां के कर्मचारियों पर समय से यहां रह रहे लोगों को भोजन नहीं परोसने की शिकायत भी की है।

यह घटना आगरा में एक निजी कॉलेज में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र की बताई जा रही है। लड़कियों ने शिकायत की है कि उन्‍हें जो दलिया परोसा गया, उसमें कीड़े थे। सोशल मीडिया पर यह शिकायत करते हुए उनका वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे यह भी कहती सुनी जा रही हैं कि सुबह, दोपहर और रात को भी भोजन परोसने में देरी होती है। आखिर वे क्‍या करें? यह घटना शनिवार की बताई जा रही है।

पिता की हो चुकी है कोरोना से मौत

लड़कियों की उम्र 22 साल और 18 साल है। वे जैतपुरा कलां ब्लॉक की रहने वाली हैं। उन्हें 5 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इससे पहले 3 अगस्त को उनके पिता को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी और अगले ही दिन 4 अगस्‍त को उनका निधन हो गया था। परिजनों का आरोप है कि उन्‍हें उचित इलाज नहीं मिला। अब इन लड़कियों ने भोजन को लेकर जो श‍िकायत की है, उससे आइसोलेशन केंद्र में बदइंतजामी जाहिर होती है।

उनके परिजनों ने इस आइसोलेशन केंद्र में साफ-सफाई की उचित व्‍यवस्‍था नहीं होने की शिकायत भी की है। इस बीच आगरा जिला प्रशासन की ओर से आइसोलेशन केंद्र को निर्देश दिया गया है कि वह मरीजों को गुणवत्तायुक्‍त भोजन दिया जाना सुनिश्‍चित करे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से समय-समय पर भोजन के पैकेटों की औचक जांच करने के लिए भी कहा है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।