

- भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किए एक लाख रुपये
- अक्षरा ने कहा कि यह मेरी ओर से यह एक छोटी मदद है
- अक्षरा ने कहा कि मिलकर इस महामारी को जल्द ही खत्म कर देंगे
कोरोना वायरस महामारी को लेकर दुनियाभर में लड़ाई जारी है। भारत में अभी 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है। ऐसे में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी मदद लेकर सामने आ रहे हैं। इसी में आज एक नाम अक्षरा सिंह का जुड गया है, जिन्होंने आज (27 मार्च) मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 लाख का चेक दिया है। उन्होंने इस चेक की तस्वीर भी साझा की है और कहा कि Covid-19 महामारी ने कई जिंदगियों को रोक कर रख दिया है। इस मुश्किल दौर में मैं बिहार के लोगों के लिए एक लाख रुपये डोनेट कर रही हूं। मेरी ओर से यह एक छोटी मदद है।
आपको बता दें कि कोरोना महामारी में भोजपुरी इंडस्ट्री से मदद को आगे आने वाली पहली अभिनेत्री हैं अक्षरा सिंह। अब तक इस इंडस्ट्री से किसी अभिनेता, अभिनेत्री और अन्य लोगों ने कोई मदद नहीं की है। अक्षरा ने कहा कि बिहार में हालांकि अभी मामले कम हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह से सजग है। मैं भी अपने लोगों के लिए कुछ करना चाहती हूं, इसलिए मैं अपनी ओर से छोटी सी मदद भेज रही हूं। मैं आशा करती हूं कि हम मिलकर लड़ेंगे और इस महामारी को जल्द ही खत्म कर देंगे। अक्षरा ने कहा कि घर में रहना और साफ सफाई रखना ही हमारे लिए विकल्प है। इसलिए सरकार के निर्देशों का पालन करें। हम कोरोना को हराने में जरूर होंगे कामयाब।
वहीं, अक्षरा सिंह ने लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह देते हुए अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है। इस वीडियो में वे सूर्य नमस्कार करती नजर आयी हैं और उन्होंने अपने चाहने वालों को भी यह चैलेंज दिया है। अक्षरा लॉकडाउन से पहले लोगों को मास्क, सेनेटाइजर और ग्लव्स भी बांटे थे। उस दौरान उन्होंने लोगों से कोरोना से लड़ने के लिए भी जागरुक किया था।