लाइव टीवी

Bhopal Accident News: भोपाल में तीन मंजिला भवन ताश के पत्तों की तरह बिखरा, एक की मौत, कई घायल

Updated Jun 01, 2022 | 23:36 IST

Bhopal Accident News: भोपाल में बुधवार शाम को तीन मंजिला एक मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं अन्य घायल हो गए। यह तीन मंजिला मकान पुलिस के एक बड़े अफसर का बताया जा रहा है। यह मकान उन्होंने हाल ही में खरीदा था, इसमें रिनोवेशन का काम चल रहा था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
भोपाल में हादसा एक की मौत, कई घायल
मुख्य बातें
  • भोपाल के शाहपुरा इलाके का मामला, बुधवार शाम हुआ हादसा
  • हादसे के समय मकान में काम कर रहे थे छह मजदूर
  • पुलिस के एक बड़े अफसर का बताया जा रहा है मकान

Bhopal Accident News: भोपाल में बुधवार शाम को तीन मंजिला एक मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। मलबे में तीन मजदूर दब गए। इनमें से एक मजदूर की मौत हो गई। हालांकि दो मजदूरों को समय रहते बचा लिया गया। हादसे के समय यहां ​कुल छह मजदूर काम कर रहे थे। मामला शहर के शाहपुरा इलाके का है। 

हादसे की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने हाल ही में ये मकान खरीदा था। इस मकान के रिनोवेशन का काम चल रहा था, इसी दौरान यह गिर गया। 
 

तेज आवाज आई, कुछ समझ ही नहीं पाए

जानकारी के अनुसार यह मकान शाहपुरा के ए सेक्टर में स्थित है। मकान के रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसी लिए कुछ मजदूर मकान के ​कुछ हिस्सों को हथोड़ों से तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान गिर गया। मलबे में तीन मजदूर दब गए। बताया जा रहा है कि, घटना के समय यहां छह मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में 65 वर्षीय राम विलास कहार की मौत हो गई। हादसे के बाद जेसीबी से मलबा हटाकर दबे हुए मजदूरों को निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि, तेज आवाज आई। कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ, फिर देखा कि पूरा मकान ढह चुका है। मजदूरों ने बताया कि, काम करने के दौरान अचानक ही मकान गिर पड़ा। कुछ मजदूर सी​ढ़ी के नीचे थे, इसलिए बच गए। 

आखिर कैसे गिरा मकान 

बुधवार शाम को हुए इस हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ ही कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। मकान तीन मंजिला है। इतना बड़ा मकान आखिर ऐसे कैसे गिर गया यह बात पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं हादसे में बचे मजदूर इसे ​अपनी अच्छी किस्मत मान रहे हैं कि वे बच गए। फिलहाल मौके से मलबा हटाया जा रहा है। वहीं इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं आस-पास के मकानों को तो अब कोई खतरा नहीं है।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।