लाइव टीवी

Hardeep Singh Puri: घरेलू फ्लाइट्स के लिए न्यूनतम और अधिकतम किराया निर्धारित, रूट भी तय

Updated May 21, 2020 | 16:10 IST

Domestic flights : सरकार ने 25 मई से घरेलू यात्री सेवाओं को बहाल करने की घोषणा। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक बार फिर आज जानकारी देते हुए ये बात कही।

Loading ...
घरेलू विमान सेवा 25 मई से शुरू होगी
मुख्य बातें
  • लॉकडाउन के बीच 25 मई से घरेलू उड़ान सेवा फिर से शुरू की जा रही है
  • वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीयों को लाया जा रहा है
  • डॉमेस्टिक फ्लाइट्स के संचालन के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बार में विचार किया जाएगा

नई दिल्ली : लॉकडाउन की वजह से 25 मार्च से बंद हुए घरेलू उड़ान सेवा फिर से 25 मई से बहाल होने जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा था कि घरेलू यात्री उड़ान सेवाएं 25 मई से फिर से शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा था कि घरेलू उड़ानों का परिचालन 25 मई, 2020 से क्रमिक तरीके से फिर शुरू किया जाएगा। सभी एयरपोर्ट्स और विमानन कंपनियों को 25 मई से परिचालन के लिए तैयार रहने को सूचित किया जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री एचएस पुरी इसको लेकर फिर गुरुवार को जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शु्रुआत करते हुए उन्होंने कहा कि जब हमने 5 मई को वंदे भारत मिशन की घोषणा की थी तब हम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मिले। आज 21 मई को हम एक दूसरे से मिल रहे हैं। ये इस बात को दर्शाता है कि हमने स्थिति को फिर से सामान्य बनाने और फिर से शुरू करने का आत्मविश्वास हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन के दौरान, हमारा प्रयास उन सभी को वापस लाने का नहीं था जो वापस आना चाहते थे। विदेशों में फंसे हमारे नागरिकों को निकालने पर स्पष्ट जोर दिया गया। पुरी ने कहा कि हम 20,000 से अधिक नागरिकों को विभिन्न जगहों से वापस ला चुके हैं। ठीक उसी समय हमने अपने आउटगोइंग एयरक्राफ्ट्स का इस्तेमाल जो नागरिक विदेश में रह कर नौकरी करते हैं और जिन्हें अन्य व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं के कारण यात्रा करने की जरूरत है को विदेश पहुंचाने के लिए किया।

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि डॉमेस्टिक फ्लाइट्स को शुरू करने के हमारे अनुभव के आधार पर हमें कुछ प्रक्रियाओं में बदलाव करना पड़ सकता है। तभी हम अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स के बारे में सोचेंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार से 25 मई तक हम डॉमेस्टिक फ्लाइट्स के संचालन को फिर से शुरू करेंगे।

न्यूनतम और अधिकतम किराया निर्धारित
उन्होंने कहा कि हमने एक न्यूनतम और अधिकतम किराया निर्धारित किया है। दिल्ली,मुंबई के केस में 90-120 मिनट के बीच की यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 3500 रुपए होगा, अधिकतम किराया 10,000 रुपए होगा। यह 24 अगस्त को आधी रात होने से एक मिनट पहले तक करीब 3 महीनों के लिए संचालित रहेगा। उन्होंने कहा कि 40% सीटें बैंड के मध्य पॉइंट से कम किराए पर बेची जानी हैं। उदाहरण के लिए 3500 रुपए और 10000 रुपए का मिडपॉइंट 6700 रुपए है। इसलिए 40% सीटों को 6700 रुपए से कम कीमत पर बेचा जाना है। इस तरह हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किराया नियंत्रण से बाहर न हो। उन्होंने कहा कि आज जारी किया गया आदेश 24 अगस्त 23:59 बजे तक लागू रहेगा।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि उड़ान मार्गों को कुल 7 मार्गों में वर्गीकृत किया गया है। 
1) 40 मिनट से कम की फ्लाइट्स 
2) 40-60 मिनट
3) 60-90 मिनट 
4) 90-120 मिनट 
5)120-150 मिनट 
6) 150-180 मिनट 
7) 180-210 मिनट 
देश के भीतर सभी मार्ग इन 7 मार्गों के भीतर आते हैं।

सभी के सहयोग से विमान सेवाएं बहाल करने का फैसला
विमानन मंत्री ने कहा कि सभी हितधारकों जैसे कि एयरलाइनों, हवाईअड्डों ने सहयोग किया इसलिए हमने 25 मई से विमान सेवाएं बहाल करने का फैसला लिया। लॉकडाउन प्रभावी साबित हुआ है, भारत उन देशों में शामिल है जहां कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या दुनिया में सबसे कम है।

खाना नहीं देगी एयरलाइंस
पुरी ने कहा कि एक यात्री को सुरक्षा उपकरण, फेस मास्क और सैनिटाइजर बोतल साथ रखनी होगी। एयरलाइंस खाना नहीं देगी। पानी की बोतलें गैलरी एरिया या सीटों पर दी जाएंगी।

आरोग्य सेतु ऐप जरूरी
उन्होंने कहा कि एक सेल्फ डिक्लेरेशन या आरोग्य सेतु ऐप की मदद से यात्रियों के COVID19 लक्षणों से मुक्त होने का पता लगाया जाएगा। आरोग्य सेतु ऐप पर लाल स्टेट्स वाले यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।