लाइव टीवी

Bulldozer in Chandigarh: चंडीगढ़ में बढ़ा बुलडोजर का खौफ, अब इस कॉलोनी में होने जा रही है बड़ी कार्रवाई

Updated May 03, 2022 | 21:46 IST

Bulldozer in Chandigarh: चंडीगढ़ प्रशासन का बुलडोजर जल्‍द ही संजय नगर कॉलोनी पर चलने वाला है। वन विभाग की जमीन पर कब्‍जा कर बसाई गई इस कॉलोनी को खाली करने का नोटिस प्रशासन की तरफ से पहले ही जारी हो चुका है। अब मुनादी प्रक्रिया शुरू हुई है। जिसके पूरा होते ही इस कॉलोनी को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
संजय कॉलोनी पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ प्रशासन खाली कराएगा संजय कॉलोनी
  • कॉलोनी को खाली करने के लिए शुरू की मुनादी प्रक्रिया
  • वन विभाग की जमीन पर अवैध तरीके से बसी है यह कॉलोनी

Bulldozer in Chandigarh: चंडीगढ़ के अंदर सड़कों पर अब बुलडोजर दिखते ही लोगों के मन में डर पैदा होने लगता है। क्योंकि इस समय चंडीगढ़ प्रशासन का बुलडोजर अवैध कॉ‍लोनियों पर जम कर चल रहा है। प्रशासन ने अब तक इस बुलडोजर के माध्‍यम से ही कई कॉलोनियों को धराशाही किया है। प्रशासन की यह कार्रवाई आगे भी रूकती नजर नहीं आ रही है। अब अगला नंबर अजय कॉलोनी का है।

चंडीगढ़ प्रशासन की नजर अब इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित संजय कॉलोनी पर है। इस कॉलोनी में अवैध निर्माण करने वाले लोगों को प्रशासन की तरफ से नोटिस पहले ही थमाया जा चुका है। अब प्रशासन इस कॉलोनी पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

वन विभाग की जमीन पर बसी यह कॉलोनी

बता दें कि, शहर के फेस-1 में बसी पूरी संजय कॉलोनी वन विभाग की जमीन पर बसी हुई है। यहां पर करीब एक से डेढ़ हजार कच्चे मकान बनाकर कई एकड़ जमीन पर कब्‍जा किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, इन घरों में 3 से 4 हजार लोग रहते हैं। यह कॉलोनी पूरी तरह गैरकानूनी तरीके से वन विभाग की जमीन पर बनाई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यहां के लोगों को नोटिस दिया जा चुका है, साथ ही दो माह पहले प्रशासन की तरफ से यहां पर जमीन को खाली करने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।

मुनादी प्रक्रिया शुरू करने के आदेश

चंडीगढ़ प्रशासन अब इस कॉलोनी को खाली कराने की अंतिम प्रक्रिया अपना रहा है। डीसी विनय प्रताप ने संपदा विभाग के अधिकारियों को संजय कॉलोनी की मुनादी प्रक्रिया शुरू करने का आदेश जारी कर दिया है। यह प्रक्रिया पूरी होते ही यहां के घरों पर बुलडोजर चलने शुरू हो जाएंगे। बता दें कि, बीते सप्‍ताह प्रशासन ने चंडीगढ़ की सबसे बड़ी कॉलोनी नंबर-4 में बुलडोजर चलाकर करीब 80 एकड़ सरकारी जमीन खाली करवाई थी। इस प्रक्रिया में यहां मौजूद करीब दो हजार मकान तोड़े गए थे।