लाइव टीवी

International Yoga Day 2022: रॉक गार्डन में होगा योग दिवस पर देश का मुख्‍य कार्यक्रम, तैयारियां हुई शुरू

Updated Jun 15, 2022 | 13:46 IST

International Yoga Day 2022: एक बार फिर से योग दिवस का मुख्‍य कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहर के प्रसिद्ध रॉक गार्डन में आयोजित होगा। जिसमें हजारों लोग एक साथ योग अभ्‍यास करेंगे। इससे पहले वर्ष 2016 में यहां पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की थी। प्रशासन ने योग कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रॉक गार्डन में आयोजित होगा योग दिवस का मुख्‍य कार्यक्रम
मुख्य बातें
  • शहर के रॉक गार्डन में आयोजित होगा योग दिवस का मुख्‍य कार्यक्रम
  • इस कार्यक्रम में एक साथ हजारों लोग करेंगे योग के विभिन्न आसन
  • इससे पहले यहां 2016 में आयोजित हुआ था योग दिवस का मुख्‍य कार्यक्रम

International Yoga Day 2022: चंडीगढ़ को एक बार फिर से केंद्र सरकार की तरफ से बड़ी सौगात मिली है। शहर की पहचान रॉक गार्डन में 21 जून को एक साथ हजारों लोग योग के विभिन्न आसन और प्राणायाम करते नजर आएंगे। चंडीगढ़ में दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2016 में यहां के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वर्ल्ड हेरिटेज साइट कैपिटल कांप्लेक्स में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की थी। इस बार भी पीएम यहां आएंगे की नहीं, अभी इस संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। इस कार्यक्रम में हजारों शहरवासियों के लिए व्‍यवस्‍था करने की तैयारी शुरू हो गई है।

इस समय चंडीगढ़ प्रशासन रॉक गार्डन में योग कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा है। इसकी देखरेख डीसी विनय प्रताप सिंह की अगुआई में गठित कमेटी कर रही है। इस कार्यक्रम में योग प्रोटोकाल का अभ्यास सभी मिलकर करेंगे। कार्यक्रम में शहर के आम लोग ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित, अधिकारी, कर्मचारी, सीनियर सिटीजन, दिव्यांग और विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।

शहर के अन्‍य जगहों पर भी आयोजित होंगे कार्यक्रम

शहर में रॉक गार्डन के अलावा भी कई जगहों पर 21 जून को योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इनमें सुखना लेक और शहर में अलग-अलग जगहों पर मौजूद सभी पार्क शामिल हैं। रॉक गार्डन में होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अभी से विभिन्न जगह पर योग कक्षाएं लग रही हैं। इसके लिए साधकों को अभी से तैयार किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले प्रशासन कैपिटल कांप्लेक्स में यह कार्यक्रम आयोजित करना चाहता था, लेकिन बाद में इसे बदलकर रॉक गार्डन कर दिया गया।

वेस्ट टू बेस्ट के लिए विख्यात है रॉक गार्डन

बता दें कि चंडीगढ़ का रॉक गार्डन अपनी कला के लिए विश्‍वभर में विख्‍यात है। इस पार्क को नेक चंद सैनी ने टूटे-फूटे सामान और गैर जरूरी चीजों से मिलकर सजाया था। बाद में इसे वेस्ट टू बेस्ट के रूप में नई पहचान मिली। इस अनूठी कला के लिए नेक चंद सैनी को भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित भी किया। रॉक गार्डन में घूमने व देखने के लिए देश के अलावा विदेशों से भी टूरिस्‍ट आते हैं। प्रशासन के अनुसार रॉक गार्डन में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक पर्यटक आते हैं। यहां मौजूद पानी के झरने, गुफाएं, पहाड़ों के बीच से गुजरते संकरें रास्ते और डॉल म्यूजियम फिश एक्वेरियम लोगों को खूब पसंद आता है।