लाइव टीवी

MI vs DC Highlights: दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की उम्मीदों पर फिरा पानी, मुंबई इंडियंस ने दर्ज की रोमांचक जीत

Updated May 21, 2022 | 23:45 IST

IPL 2022, Mumbai Indians vs Delhi Capitals Highlights: मुंबई इंडियंस (एमआई) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी। इस जीत के साथ मुंबई ने मौजूदा सीजन में दिल्ली से मिली हार का हिसाब भी चुकता कर लिया।

Loading ...
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी।
मुख्य बातें
  • इंडियन प्रीमियर लीग 2022 का 69वां मैच
  • मुंबई इंडियंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स
  • दिल्ली ने 14 मैचों में 14 अंक जुटाए

मुंबई इंडियंस (एमआई) ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स की आईपीएल 2022 प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मुंबई ने वानखेडे़ स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली को 5 विकेट से धूल चटाई। डीसी ने 160 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे एमआई ने 5 गेंदें बाकी रहते 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से ओपनर इशान किशन (48), डेवाल्ड ब्रेविस (37) और टिम डेविड (34) ने अच्छी बल्लेबाजी की। बता दें कि मुंबई के दिल्ली को हराने के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) प्लेऑफ में जगह पक्की करने वाली चौथी टीम बन गई है।

रोहित शर्मा का नहीं चला बल्ला

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने सधी हुई शुरुआत की। इशान किशन और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े। हालांकि, इशान की तुलना में रोहित का बल्ला नहीं चला। वह रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए। उन्होंने 11 डॉट गेंदें खेलीं। रोहित 13 गेंदों में 2 रन ही बना सके। उन्हें एनरिक नॉर्खियां ने छठे ओवर की दूसरी गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। वह फुल लेंथ गेंद को पिच पर पड़ने के बाद भांप नहीं पाए और  मिडऑन की दिशा में शार्दुल ठाकुर के हाथों लपके गए। 

अर्धशतक से चूके इशान किशन

मुंबई को दूसरा झटका सलामी बल्लेबाज इशान किशन के तौर पर लगा। इशान ने टिककर बल्लेबाजी की लेकिन वह अर्धशतक जड़ने से चूक गए। उन्होंने 35 गेंदों का सामना करने के बाद 48 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के मारे। इशान को स्पिनर कुलदीप यादव ने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह फुल लेंथ गेंद पर स्लॉग स्वीप कर छक्का ठोकना चाहते थे लेकिन बल्ला का संपर्स सही से नहीं हो पाया और लॉन्ग ऑन दिशा में डेविड वॉर्नर ने कैच लपक लिया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए डेवाल्ड ब्रेविस के साथ 51 रन की साझेदारी की।

ब्रेविस को शार्दुल ने किया बोल्ड

दिल्ली को तीसरी सफलता डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में मिली। रोहित के जाने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे ब्रेविस ने 33 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की बदलौत 37 रन जुटाए। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर बोल्ड किया। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर आई फुलर लेंथ गेंद पर ड्राइव करने की कोशिश की लेकिन बॉल, बल्ले का अंदरूनी किनारा लेने के बाद विकेटों में घुस गई। ब्रेविस ने तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 19 रन की पार्टनरशिप की।

डेविड-तिलक ने की अहम साझेदारी

95 के कुल स्कोर पर मुंबई के तीन विकेट गिरने के बाद टिम डेविड और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की अहम साझेदारी की। लग रहा था कि दोनों टीम को जिताकर लौटें लेकिन डेविड 18वें ओवर की पांचवीं दें पर शार्दुल का शिकार बन गए। उन्होंने कवर पर पृथ्वी शॉ को कैच थमाया। डेविड ने 11 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों के दम पर ताबड़तोड़ 34 रन की पारी खेली। तिलक को 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर नॉर्खिया ने विकेट के पीछे पंत के हाथों लपकवाया। उन्होंने 17 गेंदों में 21 रन जुटाए। उन्होंने एक चौका और एक सिक्स मारा। वहीं, रमनदीप सिंह 6 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 2 चौके लगाए। रमनदीप ने चौका जड़कर मुंबई को जीत दिलाई।

ऐसा रहा दिल्ली की पारी का हाल

दिल्ली कैपिटल्स ने की खराब शुरुआत

डीसी ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने खराब शुरुआत की और 22 के कुल स्कोर पर दो विकेट खो दिए। सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर  तेज गेंदबाज डेनियल सैम्स का शिकार बने। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर आई छोटी गुडलेंथ गेंद पर शॉर्ट थर्डमैन की दिशा में जसप्रीत बुमराह को कैच थमाया। उन्होंने 6 गेंदों में 5 रन बनाए। उन्होंने एक चौका लगाया। वहीं, वॉर्नर के जाने के बाद बैटिंग के लिए आए मिचेल मार्श को चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर बुमराह ने पवेलियन भेजा। वह गेंद को रोकनों के चक्कर में स्लिप में रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे। उनका खाता नहीं खुला।

बड़ी पारी नहीं खेल पाए ओपनर पृथ्वी शॉ

दिल्ली को तीसरा झटका सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के रूप में लगा। बीमारी से उबरने के बाद लौटे शॉ ने कुछ अच्छे शॉट लगाए पर वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 23 गेंदों का सामना करने के बाद 2 चौकों और 1 छक्के के जरिए 24 रन जुटाए। शॉ को बुमराह ने छठे ओवर की चौथी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह शॉर्ट गेंद पर अपर कट लगाना चाहते थे लेकिन अंत में बल्ला खींच लिया। हालांकि गेंद, ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर इशान किशन के पास चली गई और उन्होंने कोई गलती नहीं की। शॉ का विकेट 31 के कुल स्कोर पर गिरा।

सरफराज खान ने सस्ते में गंवाया विकेट

मुंबई को चौथी सफलता सरफराज खान के तौर पर मिली। पिछले मैच में टिककर बल्लेबाजी करने वाले सरफराज ने सस्ते में विकेट गंवा दिया। वह 7 गेंदों में महज 10 रन बना सके। उन्होंने एक सिक्स ठोका। सरफराज को मयकं मारकंडे ने नौवें ओवर की चौथी गेंद पर आउट किया। वह गुड लेंथ गेंद पर खड़े-खड़े कट करने की फिराक में थे और स्पिन से गच्चा खा गए। ऐसें गेंद, बल्ले से लगकर विकेट के पीछे इशान के दस्तानों में समा गई। वह 50 के कुल स्कोपर पर पवेलियन लौटे। उन्होंने चौथे लिकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 19 रन की साझेदारी की। अक्षर पटेल (10 गेंदों में 19*) और कुलदीप यादव (1 गेंद में 1*) नाबाद रहे।

Mumbai Indians vs Delhi Capitals Playing 11

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेनियल सैम्स, डेवाल्ड ब्रेविस, तिलक वर्मा, टिम डेविड, रमनदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, ऋतिक शौकीन, मयंक मारकंडे. राइली मेरेडिथ।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ, मिचेल मार्श, सरफराज खान, रोवमैन पॉवेल, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्खिया, खील अहमद।

टॉस के बाद क्या बोले रोहित और ऋषभ?

टॉस जीतने के बाद मुंबई के कप्तान रोहित ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच अच्छी है। हमारे लक्ष्य का पीछा करना चाहते हैं। हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि हम उन्हें जल्द रोकें और फिर खुलकर बल्लेबाजी करें। हमने पूरे सीजन में निरंरतर प्रदर्शन नहीं किया। हमें मिलकर प्रदर्शन करने की जरूरत है। हमने दो बदलाव किए हैं। ट्रिस्टन स्टब्स और संजय यादव की जगह डेवाल्ड ब्रेविस और ऋतिक शौकीन आए हैं। वहीं, टॉस गंवाने के बाद ऋषभ ने कहा कि हम भी पहले गेंदबाजी करते लेकिन टॉस हार गए। हमने ललित यादव के स्थान पर पृथ्वी शॉ को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल